अंबेडकरनगर। अकबरपुर इलाके में वार्ड दो के सभासद समेत तीन लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने सभासद की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
अकबरपुर के गौसपुर निवासी अरविंद कुमार ने शिकायती पत्र में बताया कि वह वार्ड 2 गौसपुर से सभासद है। उसकी दुकान अवध साउंड सर्विस इल्तिफातगंज रोड पर स्थित है। शुक्रवार को वह अपने बुआ के लड़के मिठाई लाल के साथ दुकान पर बैठे थे। इसी समय शाम लगभग साढ़े चार बजे उसरहवा गांधीनगर के फूल कुमार, विल्लर, कृष्ण कुमार, अंकुर, सचिन, सूरज, छोटे अपने अन्य लगभग एक दर्जन साथियों के साथ हाथों में लाठी-डंडा लेकर पहुंचे। हमलावरों ने पहुंचते ही गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी, जिससे सभासद के सिर और मिठाई लाल के हाथ में गंभीर चोटें आईं।
शोरगुल सुनकर जब उसका भाई गोविंद बचाने आया तो उसे भी घेरकर बुरी तरह पीटा गया। गंभीर चोटों की वजह से अरविंद व गोविंद दोनों बेहोश हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, होश में आने पर उसे पता चला कि उसकी जेब से 8760 रुपए नकदी और गले की सोने की चेन गायब हैं। इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवाद के कारणों की जांच की जा रही है। आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।