बसखारी (अंबेडकरनगर)। नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा में दो दिन पूर्व सड़क पर लगे साइन बोर्ड को उतारने के दौरान नगर पंचायत कर्मियों के साथ मारपीट व धमकी देने में बसखारी पुलिस ने 13 नामजद व 20 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा के वार्ड नंबर नौ वासुदेव नगर में मुजफ्फर हुसैन के नाम से बसखारी जलालपुर मार्ग पर एक साइन बोर्ड लगा था। वह जर्जर अवस्था में पहुंच गया था। नगर पंचायत के निर्देश पर कर्मचारी राम सिंगार, सूरज, सौरभ कन्नौजिया व धर्मजीत नवीनीकरण के लिए साइन बोर्ड बीते दिनों उतरवा रहे थे। इसी बीच साइन बोर्ड का नाम बदलने का आरोप लगाकर मुशर्रफ हुसैन, अता रहमान, फैसल व अर्शी, फुरकान, मोहम्मद, हसीन व हुसैनी, खालिद बैटरी व आसिफ, जाहिद अशरफ, हसीन अशरफ निवासी अशरफपुर किछौछा वहां 20 अज्ञात लोगों के साथ पहुंच गए और साइन बोर्ड बदलने का विरोध करने लगे। आरोप है कि सभी लोगों ने कर्मचारियों से मारपीट करने के साथ धमकी भी दी।
सूचना पर बसखारी पुलिस व अध्यक्ष ओमकार गुप्ता ने साइन बोर्ड के नाम में कोई परिवर्तन न होने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी लोगों ने बोर्ड को उतारने नहीं दिया। मामले में गहमागहमी होने के बाद सीओ सिटी देवेंद्र मौर्य ने वहां पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया। इस बीच घटना को लेकर नगर पंचायत कर्मियों ने प्रार्थना पत्र दिया। प्रभारी निरीक्षक संत कुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।