जहांगीरगंज (ब्यूरो)। जालसाजों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से अलग अलग तिथियों में 30 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने बैंक जाकर संबंधित ने धन निकासी की, तो उसे जालसाजी का पता चला।
जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के जहांगीरगंज निवासी बृजेश कुमार ने थाने में दी तहरीर में रामनगर स्थित एसबीआई शाखा से फर्जी ढंग से धन निकासी होने का आरोप लगाया है। बताया कि उसे इसकी जानकारी मंगलवार को हुई, जब वह पासबुक पर खाते में रकम चढ़वाने गया। उसके पासबुक पर पूर्व में जो रकम दर्ज की गई थी, उसमें से 29 हजार 983 रुपए निकासी अलग अलग तिथियों में दर्शाई गई थी। जबकि उसके द्वारा इस अवधि में धन नहीं निकाला गया। पीड़ित ने मामले की शिकायत बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों से की लेकिन किसी ने संज्ञान नहीं लिया। उसने जहांगीरगंज एसओ से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की मांग की। बताया कि उसने खाते से केवल एक बार जहांगीरगंज स्थित एक जनसेवा केन्द्र से मुम्बई के लिए टिकट बनवाया था। इसके बाद से ही उसके खाते से धन की निकासी शुरू हो गई। खास बात यह कि खाते से जो रकम निकली है, उसमें से अधिकांश रकम का प्रयोग दिल्ली व मुंबई का टिकट बनाने के लिए ही हुआ है। पीड़ित ने बुधवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर एसपी से मुलाकात की और पूरे प्रकरण से अवगत कराया। एसपी ने एसओ को केस दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।