जलालपुर। भुगतान न होने से नाराज एक क्षेत्र पंचायत सदस्य और कुछ बसपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जलालपुर विकासखंड परिसर में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) की पिटाई कर दी। बीडीओ ने मामले की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी। इसके बाद बीडीओ ने जलालपुर थाने में एक बसपा कार्यकर्ता के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कराया है। घटना को लेकर जलालपुर विधानसभा क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है।
सोमवार दोपहर बाद कई बसपा कार्यकर्ता जलालपुर ब्लॉक परिसर पहुंचे। उन्होंने बड़ागांव और अजईपुर में हुए चार लाख रुपये से अधिक के कार्यों का भुगतान करने के लिए खंड विकास अधिकारी पीके पांडेय से मुलाकात की। बीडीओ ने कार्य पूरा न होने का हवाला देते हुए भुगतान में असमर्थता जताई, जबकि बसपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि बीडीओ की ओर से भुगतान में मनमानी की जा रही है। उन्होंने कुछ लोगों का भुगतान कर दिया, जबकि उन्हें दीपावली के बाद बुलाया था। इसी क्रम में वे सब पहुंचे थे। बताया जाता है कि बसपा कार्यकर्ताओं में एक क्षेत्र पंचायत सदस्य भी शामिल था। बीडीओ ने जब भुगतान करने से इन्कार कर दिया, तो कार्यकर्ता नाराजगी जताने लगे। इसी दौरान एक बसपा कार्यकर्ता रिंकू उपाध्याय ने बीडीओ की पिटाई कर दी। इसे देख कई अन्य कार्यकर्ता भी बीडीओ की तरफ लपके। वहां मौजूद कर्मचारियों व अन्य लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया। घटना के बाद क्षेत्र पंचायत सदस्य और बसपा कार्यकर्ता वहां से चले गए। इस बीच खंड विकास अधिकारी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। उच्चाधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए। सूचना पर एसडीएम विवेक मिश्र और एसओ जलालपुर केके द्विवेदी खंड विकास अधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी ली। बाद में बीडीओ की तहरीर पर पुलिस ने बसपा कार्यकर्ता रिंकू के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली।