हंसवर। भूमि विवाद में शनिवार सुबह हंसवर थाना क्षेत्र के मोमिनपुर गांव में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर घटना को उस वक्त अंजाम दिया जब वह खेत से घर लौट रहा था। वारदात के बाद बदमाश हथियार लहराते मौके से भाग निकले। भाई ने गांव के एक युवक समेत दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना से क्षेत्र में सनसनी का माहौल है।
हंसवर के नरायनपुर प्रीतमपुर ग्राम पंचायत अन्तर्गत मोमिनपुर गांव निवासी मोहनलाल यादव (32) पुत्र स्व. राजाराम यादव शनिवार सुबह खेत के लिए निकला था। साढ़े 6 बजे करीब जब वह हीरापुर बाजार से लंगड़ी पृथ्वीपुर को जाने वाली माइनर की पक्की पटरी से वापस घर की तरफ आ रहा था तभी एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंच गए। एक बदमाश ने बाइक से नीचे उतर कर मोहनलाल पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दिया। दो गोली उसके सिर में लगी, जबकि एक कमर के ऊपरी हिस्से पर। तीन गोली लगने से मोहनलाल की मौके पर ही मौत हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर जब तक स्थानीय लोग जुटते तब तक बदमाश हवा में असलहा लहराते हुए भाग निकले। स्थानीय लोगों ने फोन पर हंसवर पुलिस को घटना की जानकारी दी। इस बीच रोते बिलखते परिजन भी वहां पहुंच गए। भारी तादाद में ग्रामीण भी पहुंचे। प्रभारी एसओ राजेश सिंह ने दल बल के साथ पहुंचकर ग्रामीणों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। सीओ टांडा सत्यम व सपा विधायक अजीमुलहक पहलवान भी घटना स्थल पहुंचे और परिजनों को इंसाफ का भरोसा दिलाया।
जानकारी के मुताबिक मोहनलाल का गांव में ही एक भूखंड को लेकर कुछ लोगों से विवाद चला आ रहा था। संबंधित भूमि को लेकर मुकदमेबाजी भी चली। इसमें एक स्थानीय बाहुबली के सहयोग से बीते दिनों मोहनलाल को भूमि पर कब्जा करने में सफलता मिल गई थी। माना जा रहा है कि इसी के चलते दूसरा पक्ष नाराज था। पुलिस ने अपनी जांच की दिशा भी इसी भूमि विवाद के सिलसिले में केंद्रित कर दी है। मृतक के भाई रामबहादुर यादव ने जो प्राथमिकी दर्ज कराई है, उसमें भी उन्हीं लोगों का उल्लेख है, जिनसे भूमि विवाद चल रहा है। रामबहादुर की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मोमिनपुर निवासी राजेश यादव व एकडंगी निवासी मुन्ना के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ सत्यम ने बताया कि मामला भूमि विवाद से जुड़ा है। प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन कराई जा रही है।