अंबेडकरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल का अब तक का सबसे बड़ा खुलासा गुरुवार को हुआ। भीटी तहसील क्षेत्र के एक विद्यालय में कक्ष निरीक्षक ही एक छात्रा की कॉपी लिखते मिल गए। परीक्षा इंटरमीडिएट जीव विज्ञान प्रथम प्रश्नपत्र की थी। सचल दल प्रभारी सुमित्रा देवी के छापे में यह कारनामा सामने आने के बाद कक्ष निरीक्षक को तत्काल कार्यमुक्त कर दिया गया। साथ ही छात्रा से ए कॉपी लेकर उसे बी कॉपी थमा दी गई। केंद्र व्यवस्थापक को उनकी लापरवाही के लिए कड़ी फटकार लगाई गई।
यूपी बोर्ड परीक्षा में नकल रुकने का नाम नहीं ले रही है। साइलेंट नकल की बजाए अब धड़ल्ले से नकल कराई जा रही है। दरअसल प्रशासन से जुड़े लोग चुनाव की तैयारी में व्यस्त हो गए हैं। इसका पूरा फायदा शिक्षा माफिया द्वारा उठाया जा रहा है। गुरुवार को कुछ ऐसा ही एक बड़ा मामला परीक्षा के दौरान सचल दल द्वारा पकड़ा गया। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट की जीव विज्ञान प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा थी। विभिन्न विद्यालयों का जायजा लेते हुए सचल दल प्रभारी जीजीआईसी प्रधानाचार्या सुमित्रादेवी के नेतृत्व में टीम भीटी तहसील क्षेत्र के मकसूदन मिश्र इंटर कॉलेज बथुआ चंदौका पहुंची। यहां टीम को देखते ही विभिन्न कक्षों में अफरातफरी मच गई। इस बीच दल प्रभारी सुमित्रादेवी सीधे एक कक्ष में पहुंच गईं। यहां कक्ष निरीक्षक सुनील कुमार एक छात्रा की उत्तर पुस्तिका लिखने में इतना तल्लीन थे कि उन्हें सचल दल के आने की भनक तक नहीं लग सकी। इस पर सुमित्रादेवी ने उन्हें कॉपी लिखते हुए पकड़ लिया। कक्ष निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त करते हुए छात्रा से ए-कॉपी लेकर उसे बी-कॉपी थमा दी गई। बाद में केंद्र व्यवस्थापक को कड़ी फटकार लगाते हुए आगे इस प्रकार की गड़बड़ी की पुनरावृत्ति न किए जाने का निर्देश दिया। सचल दल टीम में निराकार पांडेय, सत्यवती, गजेंद्र पाल मौजूद रहे।