अंबेडकरनगर (ब्यूरो)। अकबरपुर नगर से सटे गोविंद गणेशपुर अटिका गांव में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर ओवरलोड व लाइनमैन की मनमानी से आए दिन जवाब दे जा रहा है। इन दिनों एक बार फिर ट्रांसफार्मर खराब हो गया है।
बताते चलें कि अटिका गांव की लगभग 800 की आबादी को विद्युत आपूर्ति के लिए महज 25 केबी का ट्रांसफार्मर लगा है। ओवरलोड के चलते अक्सर ट्रांसफार्मर जल जाता है। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ता है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि स्थायी लाइनमैन यहां कभी आता ही नहीं है। ऐसे में निजी बिजली कर्मियों से ही खराबी दुरुस्त करानी पड़ती है। ऐसे में उन्हें प्रत्येक बार 200 से 300 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं। ट्रांसफार्मर की खूंटी हर माह करीब दो बार जलती है। कभी-कभी इसी वजह से गांव की आपूर्ति कई दिन तक बाधित हो जाती है। लाइनमैन को सूचना दी जाती है मगर वो नहीं आता। ग्रामीणों का आरोप है कि बीते दिनों इसकी शिकायत विभागीय अधिकारियों से की गई थी, इसके बाद भी उसका रवैया नहीं बदला।
गांव के आनंद व पंकज तिवारी ने बताया कि ट्रांसफार्मर में ये गड़बड़ी ओवरलोड के चलते हो रही है। साथ ही उनका कहना था कि लाइनमैन की मनमानी से भी इसमें सुधार नहीं हो रहा है। गांव के सुशील तिवारी व दिनेश प्रजापति ने बताया कि ट्रांसफार्मर के उच्चीकरण के लिए बीते दिनों दुग्ध विकासमंत्री राममूर्ति वर्मा से कहा गया था। उन्होंने आश्वासन दिया था कि एक माह में व्यवस्था कर दी जाएगी। मगर लगभग दो माह बीतने के बाद भी इस पर अमल नहीं हुआ। उधर, जेई एसबी यादव ने कहा कि यदि उपभोक्ताओं को ट्रांसफार्मर की खराबी से दिक्कत है, लाइनमैन को भेजकर उसे ठीक कराएंगे।