महरुआ। थाना क्षेत्र के सखनपुर पाकड़पुर गांव में बुधवार को पुराने विवाद को लेकर मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्ष से छह लोग घायल हो गए। सखनपुर पाकड़पुर गांव निवासी जटाशंकर चतुर्वेदी पुत्र शिवकुमार व गांव के परशुराम के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है।
बुधवार को जटाशंकर की गाय खूंटा तुड़ाकर परशुराम के घर चली गई। जटाशंकर के परिवारीजन गाय हांकने के लिए उनके घर पहुंचे। आरोप है कि दोनों पक्षों में इसे लेकर कहासुनी व गाली-गलौज होने लगी। बाद में दोनों पक्ष एक दूसरे पर हमलावर हो गए। इसमें जटाशंकर सहित रमाशंकर, पुष्पा देवी व ज्ञानप्रकाश तथा दूसरे पक्ष से परशुराम, विजय बहादुर, सुरेश कुमार आदि को चोटें आई हैं। दोनों पक्ष थाने पहुंचे और तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।