जलालपुर। चार दुकानों को ढहाने के बाद अब 145 अन्य लोगों पर अतिक्रमण मामले में कार्रवाई की तलवार लटकी है। अतिक्रमण करने वालोें के विरुद्ध जिला पंचायत ने नोटिस जारी किया है। इसमें सभी संबंधित लोगों से अपनी दुकानों व घर के स्वामित्व से संबंधित कागजात उपलब्ध कराने को कहा है। इन पर भी जिला पंचायत की भूमि पर कब्जा करने का आरोप है।
बताते चलें कि पूर्व में रामगढ़ से जलालपुर तक जिला पंचायत ने मार्ग निर्माण करा रखा था। बाद में जिला पंचायत की सड़क के निकट लोक निर्माण विभाग ने दूसरी सड़क का निर्माण करा दिया। इस कारण जिला पंचायत की सड़क पर आवागमन धीरे-धीरे बंद हो गया। बाद में उस पर लोगों ने कब्जा कर दुकान व मकान का निर्माण करवा लिया। बीते दिनों अतिक्रमण को लेकर उच्च न्यायालय में दाखिल एक याचिका के चलते प्रशासन ने जिला पंचायत की भूमि पर बनी चार दुकानों को ढहा दिया था।
भारी पुलिस बल के साथ की गई इस कार्रवाई से समूचे नगर में हड़कंप का माहौल था। दुकानों को गिराने के बाद बाकी 145 अवैध कब्जेदारों पर कार्रवाई की तलवार लटकने लगी है। जिला पंचायत ने इन सभी लोगों को नोटिस जारी कर दिया है। जिला पंचायत द्वारा जारी नोटिस में इन सभी लोगों से अपनी अपनी दुकान व घर के स्वामित्व वाले कागजात प्रस्तुत करने को कहा गया है। सूत्रों के मुताबिक फिलहाल अभी तक कोई भी व्यक्ति ऐसा कागज उपलब्ध नहीं करा सका है।