आलापुर। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के ऑनलाइन परीक्षा आवेदन के नाम पर अवैध वसूली पर गुरुवार को बीएम डिग्री कॉलेज के छात्र-छात्राएं भड़क गए। उन्होंने मार्ग जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि उन पर वसूली के लिए दबाव बनाया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने जमकर नारेबाजी की। बाद में इसी विद्यालय के प्रबंधन वाले एक अन्य महाविद्यालय के छात्रों ने भी वसूली का एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने विद्यालय उपप्रबंधक को बुलाकर बिना रसीद के कोई रकम न लेने का निर्देश दिया।
बताते चलें कि बीएम डिग्री कॉलेज किशुनपुर माडरमऊ के विद्यार्थी गुरुवार दोपहर अचानक कॉलेज परिसर से बाहर निकल आए। उन्होंने कॉलेज प्रबंधतंत्र के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जहांगीरगंज-कम्हरिया मार्ग जाम कर दिया। आक्रोशित छात्र-छात्राओं का कहना था कि अवध विश्वविद्यालय के आनलाइन परीक्षा फॉर्म के नाम पर उनसे 500 रुपये की वसूली की जा रही है। छात्र-छात्राओं ने विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध जमकर नाराजगी जताई और कहा कि उनका शोषण किया जा रहा है। इसी विद्यालय के प्रबंधन वाले एक अन्य विद्यालय सिंगारीदेवी स्मारक महाविद्यालय रामनगर के छात्र इसी बीच तहसील परिसर पहुंच गए और उन्होंने भी एसडीएम से वसूली की शिकायत की। छात्रों ने कहा कि उनसे जो वसूली की जा रही है, उसकी कोई रसीद नहीं दी जा रही है। दोनों महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं की नाराजगी को एसडीएम सत्यप्रकाश सिंह ने गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल महाविद्यालयों से जुड़े उपप्रबंधक सुनील सिंह यादव को तहसील बुलवाया। विद्यार्थियों की शिकायत पर कड़ी नाराजगी जताई और कहा कि बिना रसीद के कोई भी भुगतान न लिया जाए। एसडीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि ऑनलाइन आवेदन के नाम पर कोई रकम न ली जाए। भविष्य में यदि बिना रसीद के कोई भुगतान लेने की शिकायत मिली तो इस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम के इस निर्देश के बाद सिंगारीदेवी महाविद्यालय के छात्र संतुष्ट हो गए। इस महाविद्यालय के छात्रों की सूचना पर बीएम डिग्री कॉलेज के छात्रों ने भी अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
- छात्र-छात्राओं द्वारा वसूली का लगाया जा रहा आरोप गलत है। उनसे सिर्फ वही शुल्क लिया जा रहा था जो अन्य महाविद्यालय ले रहे हैं। - सुनील सिंह यादव उपप्रबंधक