अंबेडकरनगर। विभिन्न थाना क्षेत्रों में सोमवार को हुई घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए।
बसखारी थाना क्षेत्र के दौलत महमदपुर निवासिनी सुशीला (38) पत्नी कैलाश प्रजापति सोमवार को गांव के निकट सड़क पार कर रही थी। इसी बीच एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गई। आानफानन परिवारीजन उसे जिला चिकित्सालय ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में कोहराम मच गया। थाना पुलिस का कहना है कि घटना की तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी घटना टांडा थाना क्षेत्र के पिपरी बिसुनपुर निवासिनी मूरता देवी (36) पत्नी दिवंगत राममुरैया सोमवार को त्रिमुहानी बाजार में मार्ग दुर्घटना का शिकार हो गईं। उसे एक बाइक चालक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। तीसरी घटना में टांडा थाना क्षेत्र के सकरावल पूरब निवासी जियाउलहक (28) पुत्र तौकीर अहमद जमुनीपुर बाजार बाइक से आया था। बाजार में एक बाइक से उसकी बाइक भिड़ गई। इससे उसे चोटें आ गईं। चौथी घटना में हंसवर थाना क्षेत्र के नौरा हासिमपुर निवासी लक्ष्मीकांत यादव (24) पुत्र मुंशीराम, राकेश (22) पुत्र बाबूलाल निवासी एकडल्ला बाइक से हंसवर बाजार आए थे। इसी दौरान एक अन्य बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां मूरतादेवी और लक्ष्मीकांत की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।