अंबेडकरनगर। जीआईसी अकबरपुर में सोमवार को जनपद स्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता हुई। इसमें प्रतिभागियों को व्याख्यान, मौखिक व लिखित परीक्षा के दौर से गुजरना पड़ा। बाकर व ऋद्धिमा ने प्रतियोगिता में बाजी मारी।
डीआईओएस ओमकार सिंह की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि के रूप में जीआईसी अकबरपुर प्रधानाचार्य सुरेशलाल श्रीवास्तव के संयोजकत्व में प्रतियोगिता हुई। इसमें व्याख्यान, मौखिक परीक्षा एवं लिखित परीक्षा का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में जीजीआईसी टांडा, जीजीआईसी कुर्कीबाजार, जीआईसी अकबरपुर, एसपी इंटर कॉलेज लारपुर, मिश्रीलाल आर्य कन्या इंटर कॉलेज टांडा, मदरसा मंजरेहक टांडा, आदर्श बालिका इंटर कॉलेज टांडा, आदर्श जनता इंटर कॉलेज टांडा, चितबहाल बालिका इंटर कॉलेज पूरनपुर व राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ेपुर समेत कुल 11 विद्यालयों के 20 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसमें आदर्श जनता इंटर कॉलेज टांडा के बाकर हैदर को प्रथम व आदर्श बालिका इंटर कॉलेज टांडा की ऋाद्धिमा मौर्या को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। प्रधानाचार्य सुरेशलाल श्रीवास्तव ने प्रथम व द्वितीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार दिया। विजयी प्रतिभागी 19 अगस्त के मंडलीय संगोष्ठी में भाग लेंगे।