बसखारी। हंसवर थाना क्षेत्र के मैंदी रोड स्थित किराने की दुकान पर सामान उतार रहे व्यवसायी की पिकअप से बाइक सवार टप्पेबाजों ने 90 हजार रुपये पार कर दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पूरी घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्घ केस दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन शुरू कर दी है।
आलापुर थाना क्षेत्र के रामनगर महुवर निवासी अनिल जायसवाल किराना के सामान की सप्लाई करते हैं। गुरुवार को अनिल चालक व हेल्पर के साथ पिकअप से क्षेत्र में सामान की सप्लाई तथा पैसे का कलेक्शन करते हुए हंसवर थाना क्षेत्र के मैंदी रोड स्थित एक किराने की दुकान पर पहुंच कर सामान उतारने लगे। इसी बीच वहां बाइक से पहुंचे दो टप्पेबाज पिकअप में रखे करीब 90 हजार रुपये लेकर मकरही की तरफ भाग निकले।
पीड़ित ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने पुलिस बल के साथ घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। हालांकि पूरा घटनाक्रम दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इसमें पिकअप से टप्पेबाज पैसा निकालते देखे जा रहे है। अनिल ने पुलिस को तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्घ मामला पंजीकृत कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।