ट्रेनों के डायवर्जन से कुलियों की बढ़ी मुश्किल
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। अकबरपुर रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों के डायवर्जन से यात्रियों के साथ ही यहां काम करने वाले कुलियों की भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। यात्रियों का आवागमन कम होने से उनका दिन भर में खर्च निकल पाना मुश्किल हो चला है।
रविवार को भी अप व डाउन कुल 9 ट्रेनें डायवर्ट रहीं। इसके चलते अकबरपुर स्टेशन से गिनी चुनीं ट्रेनें ही गुजरीं। इससे पहुंचे चंद यात्री घंटों इंतजार करने के लिए विवश हुए। रविवार को दून एक्सप्रेस, फरक्का, कोटा पटना, गंगा सतलज, ओखा गुवाहाटी, इंदौर पटना व सरयू यमुना एक्सप्रेस अप व डाउन अकबरपुर रेलवे स्टेशन नहीं आयीं। इन ट्रेनों के न आने से यात्रियों को काफी मुश्किल हुई।
100 से अधिक यात्रियों को अपना आरक्षित टिकट वापस करना पड़ा। इसके अलावा मऊ आनंद बिहार, साबरमती एक्सप्रेस सहित जो ट्रेनें पहुंचीं वह निर्धारित समय से दो से तीन घंटे विलंब से रहीं। ट्रेनों के डायवर्जन को लेकर अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर काम करने वाले कुली भी मुश्किल में हैं। रविवार को मिले कुली रामसागर, रमेश कुमार, कुलदीप, परशुराम आदि ने बताया कि ट्रेनों के आए दिन डायवर्जन के चलते उन लोगों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि यात्रियों को ट्रेनों के डायवर्जन व विलंब से चलने की जानकारी समय से उपलब्ध करा दी जाती है। रेलवे लाइन दोहरीकरण कार्य के चलते यह स्थिति उत्पन्न हो रही है।