अंबेडकरनगर जिला अस्पताल में कोरोना वैक्सीन लगवाता पुलिस कर्मी।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। कोरोना से जंग जीतने के लिए सोमवार को जिले के 10 केंद्रों के 17 बूथों पर टीकाकरण अभियान चला। 1603 कोरोना योद्धाओं की तुलना में 804 कर्मियों ने संबंधित बूथ पर पहुंचकर टीका लगवाया। टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक बूथ पर पांच-पांच स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई थी। वैक्सीनेशन का कार्य सुचारु रूप से हो सके, इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों ने विभिन्न बूथों पर पहुंचकर जायजा लिया। साथ ही टीकाकरण महाअभियान में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए।
कोरोना संक्रमण को फैलने से पूरी तरह रोकने के लिए जिले में वैक्सीनेशन का कार्य बीती 16 जनवरी से प्रारंभ हुआ था। अलग-अलग चरणों में टीकाकरण का कार्य लगातार जारी है। सोमवार को पुलिस कर्मियों, पंचायतीराज अधिकारी कार्यालय के कर्मचारियों व पूर्व में चले टीकाकरण अभियान के दौरान जो कोरोना योद्धा टीका लगवाने से वंचित रह गए थे, उन्हें जिले के 10 केंद्रों के 17 बूथों पर अभियान चलाकर टीका लगाया गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हेमंत ने बताया कि सीएचसी टांडा के 3 बूथों पर 335 कोरोना योद्धाओं की तुलना में 140, सीएचसी जलालपुर के 2 बूथ पर 160 की तुलना में 48, सीएचसी भीटी के 1 केंद्र पर 50 की तुलना में 38, सीएचसी भियांव के 1 बूथ पर 27 की तुलना में 24, पीएचसी रामनगर के एक बूथ पर 74 की तुलना में 75, सीएचसी जहांगीरगंज के 1 बूथ पर 73 की तुलना में 75, सीएचसी बसखारी में 1 बूथ पर 57 की तुलना में 31, सीएचसी कटेहरी के 1 बूथ पर 50 की तुलना में 24, जिला अस्पताल के 4 बूथ पर 773 की तुलना में 223, संयुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के 2 बूथ पर 300 की तुलना में 126 कोरोना योद्धाओं को टीका लगा। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि बूथों पर पहुंचने वाले कोरोना योद्धाओं को टीका सुचारु रूप से लग सके, इसके लिए प्रत्येक बूथ पर पांच-पांच स्वास्थ्य कर्मियों को लगाया गया था।