अंबेडकरनगर। छोटे पुरवों को मुख्य मार्ग से जोड़ने की योजना के तहत जिलेे में 67 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। चार विधानसभा क्षेत्रों अकबरपुर, जलालपुर, कटेहरी व आलापुर में करीब 26 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़कों से 50 हजार से अधिक आबादी को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। संबंधित सड़कों का निर्माण कार्य तेजी से प्रारंभ हो सके, इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऐसे में संभावना है कि शीघ्र ही सड़कों का निर्माण और मरम्मत का कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
आम नागरिकों को सुचारु आवागमन में किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए केंद्र व प्रदेश सरकारों की ओर से विभिन्न योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इनके तहत न सिर्फ नई सड़कों का निर्माण हो रहा है, बल्कि मरम्मत भी कराई जा रही है। इस बीच छोटे पुरवों (अनजुड़ी बसावटों) को मुख्य मार्ग से जोड़ने की योजना के तहत जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों अकबरपुर, कटेहरी, जलालपुर व आलापुर में 67 संपर्क मार्गों के निर्माण व मरम्मत कराने की शासन ने हरी झंडी दे दी है।
26 करोड़ 36 लाख 27 हजार रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों के निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। अवर अभियंता सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि 67 सड़कों के निर्माण के लिए जरूरी राशि शासन से उपलब्ध करा दी गई है। जरूरी प्रक्रिया के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
यहां सड़कों का होगा निर्माण व मरम्मत
अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र में जिन 28 सड़कों का नव निर्माण व मरम्मत होनी है, उसमें कुढ़ा मोहम्मदगढ़, मखनवा, उसरा चमरौटी संपर्क मार्ग, ओसमा उत्तर, इस्माइलगंज, सोनगांव चनवा उत्तर, गौरा डिहवा, सिझौली गड़ेरियाना, सिझोली चमरौटिया, ताराखुर्द कल्याणपुर, ताराखुर्द लाल का पूरा, सारंगपुर, बेवाना मुसयितपुर, बेवाना सोमना, रसूलपुर दियरा अहिरौटी, विश्रामपुर चमरौटी, कौरा, ताराखुर्द मध्य पुरवा, कौड़हा, फतेहपुर से इंद्रलोक कॉलोनी, जगदीशपुर नोखा, सलाहुद्दीनपुर रामचरनपुर, अलावलपुर रसूलपुर, अशरफपुर पचाउख, बेवाना कुटियवा, भितरीडीह से खुलासपुर, अहेथा सकसपुर व कुढ़ा मोहम्मदगढ़ का लाल का पूरा संपर्क मार्ग।
आलापुर विधानसभा क्षेत्र के मदैनिया नौका पूरा, देवलर गोपालपट्टी, निजामपुर खास, कमालपुर पिकार केवटाही व खरुइया खास संपर्क मार्ग। जलालपुर विधानसभा क्षेत्र के बड़ागांव खोजईपुर, भाऊकुआं, देवसरा खास, धमरुआ खास, इस्माइलपुर डिहवा, रामपुर चांड़ीडीहा, रुकुनपुर कासिमपुर, सकरा यूसुफपुर, सिसारा डड़वा, सोनगांव मौर्या का पूरा, सुल्तानपुर खास, ताजूपुर गुलरापारा संपर्क मार्ग। कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के खंडासा खास, दाउदपुर, रानीपुर, डहरिया, अढनपुर, बौरे पाठक, भवानीगढ़, चाचिकपुर, सिसवा, इटवा, तकिया कानूनगो, दिलावलपुर, मरथुआ सरैया, खजूरडीह, प्रतापपुर चमुर्खा, बरामदपुर जरियारी, केवटाही, पियारेपुर, मूसेपुर, माधवपुर व खजूरडीह का पूरा संपर्क मार्ग का निर्माण व मरम्मत कराई जाएगी।
जल्द शुरू होगा निर्माण
अनजुड़ी बसावट योजना के तहत 67 संपर्क मार्गों का निर्माण कराया जाएगा। 26 करोड़ से अधिक की लागत से बनने वाली सड़कों के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा।
- शंकर्षणलाल, अधिशाषी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण