क्लीन यूपी, ग्रीन यूपी अभियान के तहत वर्ल्ड रिकार्ड बनाने में प्रभावी योगदान देने के लिए जिले में आज 91 स्थानों पर सघन पौधरोपण अभियान चलेगा। सुबह दस बजे अलग-अलग स्थानों पर जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों द्वारा अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। 24 घंटे के भीतर अभियान के तहत 8 लाख 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
डीएम ने अभियान के तहत सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को एक दिन पहले फिर से सक्रिय भागीदारी के लिए निर्देशित किया। गौरतलब है कि सोमवार 11 जुलाई को पूरे प्रदेश में क्लीन यूपी, ग्रीन यूपी अभियान के तहत कुल पांच करोड़ पौधे लगाकर विश्व रिकार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रशासनिक मशीनरी लगातार सक्रिय है।
खास बात यह है कि इस बार इस पूरे अभियान की खास निगरानी रखी जाएगी जिससे कि पौधरोपण के नाम पर सिर्फ कागजी खानापूर्ति ही न हो सके। ऐसे में माना जा रहा है कि इस बार होने वाला पौधरोपण काफी हद तक सफल रहेगा। इस बीच जिले में सोमवार को कुल 91 स्थानों पर पौधरोपण सुबह दस बजे से होगा।
प्रभागीय वनाधिकारी एके शुक्ल ने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित लोहिया भवन के निकट सुबह दुग्ध विकास मंत्री राममूर्ति वर्मा व एमएलसी हीरालाल यादव पौधरोपण अभियान का शुभारंभ करेंगे। यहां वे आमलोगों से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा पौधों व पेड़ों की सुरक्षा करने की अपील करेंगे।
चिकित्सा स्वास्थ्य राज्य मंत्री शंखलाल मांझी हकीमपुर में पौधरोपण करने के साथ ही आम जनमानस को पर्यावरण बेहतरी के लिए प्रेरित करेंगे। आलापुर विधायक भीमप्रसाद सोनकर नरियांव में तो टांडा विधायक अजीमुलहक पहलवान केवटला में पौधरोपण करेंगे।
एके शुक्ल ने बताया कि अन्य स्थानों पर अधिकारियों व अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। इस बीच अभियान को सफल बनाने के लिए डीएम विवेक ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
कहा कि जो मानक व दिशा-निर्देश शासन से तय हुए हैं, उनका पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। यह भी कहा कि इस अभियान में आमलोगों की भागीदारी अवश्य तय हो जिससे उनका जुड़ाव बना रहे। इससे आगे चलकर पौधों की सुरक्षा व बेहतरी में काफी मदद मिलेगी। डीएम ने प्रभागीय वनाधिकारी समेत वन विभाग के अन्य अधिकारियों के साथ भी विस्तार से चर्चा की।