अंबेडकरनगर। पांच विधानसभा सीटों पर कुल 7 हजार 296 मतदाता ऐसे थे, जिन्होंने किसी भी प्रत्याशी को पसंद नहीं किया। राजनीतिक दलों व निर्दलीय समेत कुल 60 प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन उन्हें पसंद करने की बजाय मतदाताओं ने नोटा का बटन दबा दिया।
अकबरपुर, टांडा, कटेहरी, जलालपुर व आलापुर सुरक्षित विधानसभा सीट पर कुल 18 लाख एक हजार 444 मतदाताओं को मताधिकार का मौका मिला था। इन सीटों पर कुल 60 प्रत्याशी मैदान में थे। इनके लिए कुल 5 लाख 82 हजार 291 महिला तथा 5 लाख 59 हजार 237 पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया। यह बात अलग है कि इनमें से 7 हजार 296 मतदाताओं ने सभी 60 प्रत्याशियों को खारिज कर दिया। उन्हें कोई भी प्रत्याशी पसंद नहीं आया।
सबसे ज्यादा एक हजार 656 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग अकबरपुर में किया, जबकि सबसे कम एक हजार 211 मतदाताओं ने टांडा में नोटा बटन दबाया। आलापुर में एक हजार 538, कटेहरी में एक हजार 492 तथा जलालपुर में एक हजार 399 मतदाताओं ने किसी भी प्रत्याशी को पसंद नहीं किया।