अंबेडकरनगर के बीएन इंटर काॅलेज में काॅपियों का मूल्यांकन करते परीक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के दूसरे दिन शुक्रवार को भी 704 परीक्षक अनुपस्थित रहे। इसके बावजूद जिले के तीन मूल्यांकन केंद्रों पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की कुल 39 हजार 945 कापियों का मूल्यांकन हुआ। उधर डीआईओएस ने सभी परीक्षकों से ड्यूटी पर पहुंचने का निर्देश दिया है।
गुरुवार से जिले के तीन मूल्यांकन केंद्रों बीएन इंटर कालेज अकबरपुर, डॉ. गणेश कृष्ण जेतली इंटर कॉलेज अकबरपुर व सरदार पटेल स्मारक इंटर कॉलेज लारपुर में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य प्रारंभ हुआ था। पौने सात लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के पहले ही दिन बड़ी संख्या परीक्षक अनुपस्थित रहे।
परीक्षकों के अनुपस्थिति रहने का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। विभागीय आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को कुल 704 परीक्षक व 8 उपप्रधान परीक्षक अनुपस्थित रहे। हालांकि कुल 39 हजार 945 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ।
मूल्यांकन केंद्र डा. गणेश कृष्ण जेतली इंटर कालेज की पर्यवेक्षक सुमित्रा देवी ने बताया कि इंटरमीडिएट की 8 हजार 264 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ। इस दौरान 85 परीक्षक अनुपस्थित रहे। सरदार पटेल स्मारक इंटर कालेज लारपुर की पर्यवेक्षक प्रमिला वर्मा ने बताया कि हाईस्कूल 8 हजार 882, जबकि इंटरमीडिएट की 11 हजार 924 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हुआ।
इस दौरान हाईस्कूल के मूल्यांकन में लगे परीक्षक 211 व 2 उपप्रधान परीक्षक, जबकि इंटरमीडिएट के मूल्यांकन में लगे 224 परीक्षक व 5 उपप्रधान परीक्षक अनुपस्थित रहे। बीएन इंटर कालेज की पर्यवेक्षक तारा वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को इंटरमीडिएट की 10 हजार 871 कापियों का मूल्यांकन हुआ। इस दौरान 184 परीक्षक व 1 उपप्रधान परीक्षक अनुपस्थित रहे।
डीआईओएस विनोद सिंह ने कहा कि अनुपस्थित परीक्षकों को निर्देशित किया गया है कि इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।