अंबेडकरनगर। एकमुश्त समाधान योजना के तहत बृहस्पतिवार को विद्युत वितरण खंड अकबरपुर क्षेत्र में 28 स्थानों पर शिविर लगाया गया। इस दौरान लगभग 65 लाख रुपये का बकाया बिजली बिल जमा हुआ। इसके साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे योजना का लाभ उठाएं। उधर, अधिशासी अभियंता बिजली अकबरपुर आशीष कुमार यादव के नेतृत्व में चले चेकिंग अभियान के दौरान लगभग दो दर्जन बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटे गए।
बकाया बिजली बिल जमा करने के लिए मौजूदा समय में एकमुश्त समाधान योजना के तहत शिविर लगाए गए हैं। 15 दिसंबर से शुरू हुई योजना के तहत बिल जमा करने का काम बृहस्पतिवार को भी चला। विद्युत वितरण खंड अकबरपुर क्षेत्र में उकरा, जमुनीपुर, शहजादपुर, इंजीनियरिंग कॉलेज क्षेत्र, कटेहरी समेत 28 स्थानों पर शिविर के माध्यम से बिजली बिल जमा किया गया। बिल जमा करने के लिए सुबह से उपभोक्ताओं का संबंधित शिविर में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शिविर के समापन तक लगभग 700 उपभोक्ताओं ने 65 लाख रुपये का बिजली बिल जमा किया।
अधिशासी अभियंता बिजली आशीष कुमार यादव ने जमुनीपुर, उकरा, शहजादपुर, पहितीपुर समेत कई अन्य शिविर में पहुंचकर जायजा लिया। उपभोक्ताओं से अपील की कि वे योजना का लाभ उठाएं। इसके साथ ही जांच अभियान में 10 हजार रुपये से अधिक के बकायेदारों का कनेक्शन भी काटा गया।