अंबेडकरनगर। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित 1873 परिषदीय विद्यालयों में पढ़ रहे लगभग 60 हजार छात्र-छात्राओं को अब आधार कार्ड के लिए बैंक व डाकखाने का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। शासन ने बीते दिनों ही संबंधित विद्यालयों में ही आधार कार्ड बनवाने की सुविधा प्रदान कर दी है। इस क्रम में जिले में 18 मशीनें पहुंच गईं। सत्यापन के बाद सोमवार को प्रत्येक खंड शिक्षा क्षेत्र को दो दो आधार कार्ड मशीन भेज दी जाएगी। इसके बाद टीम द्वारा विद्यालयों में शिविर के माध्यम से आधार कार्ड से वंचित छात्र-छात्राओं का आधार बनाया जाएगा। इसके साथ ही लगभग 45 हजार छात्र-छात्राओं के आधार कार्ड संशोधित भी किए जाएंगे।
परिषदीय विद्यालयों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रकार की योजनाओं का समुचित लाभ समय से मिल सके, इसके लिए आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया गया था। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 1353 प्राथमिक, जबकि 520 उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में कुल 1 लाख 73 हजार छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं को आधार कार्ड बनवाने में किसी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए कई बार शासनस्तर पर कार्यदायी संस्थाओं का चयन किया गया, लेकिन संबंधित संस्थाएं अधिक दिन तक कार्य नहीं कर सकीं। नतीजा यह रहा कि करीब 60 हजार छात्र-छात्राएं ऐसे रह गए, जिनका आधार कार्ड नहीं बन सका। इसके अलावा लगभग 45 हजार छात्र-छात्राएं ऐसे हैं, जिनके आधार कार्ड में छोटी-छोटी त्रुटियां हैं।
आधार कार्ड बनवाने व त्रुटियां दूर कराने के लिए संबंधित छात्र-छात्राएं व उनके अभिभावकों को बार बार डाकखाने व चयनित बैंकों का चक्कर लगाने को मजबूर होना पड़ा रहा है। इस बीच बीते दिनों बेसिक शिक्षा सचिव ने विद्यालय में ही आधार कार्ड बनाने की घोषणा की। इसके तहत गत दिवस जिले में कुल 18 मशीनें बीएसए कार्यालय को उपलब्ध कराया गया।
एमडीएम प्रभारी सत्यप्रकाश मौर्य ने बताया कि प्रत्येक खण्ड शिक्षा क्षेत्र में दो दो आधार कार्ड मशीने भेजी जाएंगी। प्रशिक्षित टीम द्वारा विद्यालयों में शिविर लगाकर न सिर्फ वंचित छात्र-छात्राओं का आधार कार्ड बनाया जाएगा, बल्कि जिनके आधार कार्ड में त्रुटियां हैं, उनका संशोधन भी किया जाएगा। बताया कि मशीनों का सत्यापन हो गया है। सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में दो दो मशीनों को भेज दिया जाएगा। इसके बाद आधार कार्ड बनाने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
बार बार दौड़ लगाने से मिलेगी निजात
अकबरपुर शिक्षा क्षेत्र के प्रमोद कुमार व रवि शर्मा ने कहा कि विद्यालय में ही आधार कार्ड बनाने का निर्णय काफी सराहनीय है। ऐसा होने से अब आधार कार्ड बनवाने के लिए डाकखाने व बैंक का बार-बार चक्कर लगाने से निजात मिलेगी।
भीटी के रामबख्श व रिंकू ने कहा कि बच्चों के आधार कार्ड के लिए डाकखाने व बैंक में रात में ही लाइन लगाने को मजबूर होना पड़ता है। अक्सर लाइन लगाने के बाद भी नहीं बन पाता। अब विद्यालय में ही आधार कार्ड बनाने की सुविधा होने से इससे राहत मिलेगी।
शिक्षिका सोनी सिंह व रजनी ने कहा कि अक्सर विभिन्न प्रकार की योजनाओं का छात्र-छात्राओं को समय पर लाभ दिलाने के लिए आधार कार्ड का न होना बाधा बन रहा था। अब जबकि स्कूलों में ही आधार कार्ड बनाने की सुविधा हो रही है, तो इसका योजनाओं का समय पर लाभ दिलाने में भी मुश्किल नहीं होगी।
बीएसए अतुल कुमार सिंह ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में पढ़ रहे जो छात्र-छात्राएं आधार कार्ड से वंचित हैं, उनका आधार कार्ड अब संबंधित विद्यालय में बनेगा। इसके लिए जिले में कुल 18 मशीनेें शासन से उपलब्ध हुई हैं। शीघ्र ही आधार कार्ड बनाने का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके साथ ही आधार कार्ड में संशोधन भी किया जाएगा।