जानकारी के मुताबिक हनुमान यादव पुत्र भुनेश्वर यादव निवासी धवरुआ की बाजार में ही फर्नीचर की दुकान है। रोज की तरह शुक्रवार रात वह दुकान बंद कर घर चला गया। शनिवार सुबह उधर से गुजर रहे लोगों ने दुकान के शटर का ताला टूटा देखा। उन्होंने इसकी जानकारी तत्काल दुकान स्वामी हनुमान को दी।
वहां आकर वे जब दुकान के अंदर गए तो कैश बाक्स खुला हुआ था। उसमें रखा 18 हजार रुपये नदारद था। चोर नगदी के अलावा लगभग 30 हजार रुपये फर्नीचर से संबंधित सामान उड़ा ले गए।
इसी बाजार स्थित लालमन वर्मा पुत्र रामदुलार की वर्मा आटो सेल्स के शटर का ताला तोड़कर 3 हजार नगदी व लगभग 10 हजार रुपये की मोबिल पार कर दिया। इसके अलावा हीरा वर्मा पुत्र रामअछैबर के पान की गिमटी से 1500 रुपये व विश्वकर्मा इंजीनियरिंग वर्क्स से भी 3 हजार नगदी पार कर दी।
पीड़ित दुकानदारों ने शनिवार सुबह थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है।
उधर एक ही रात में चार दुकानों का ताला टूटने पर बाजारवासियों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी व्याप्त है। उनका कहना है कि तमाम मांग के बाद भी रात्रिकालीन गश्त को नहीं बढ़ाया जा रहा है। इसके अलावा पूर्व में हुई अधिकांश चोरी की वारदातों का पर्दाफाश पुलिस नहीं कर सकी है।