जलालपुर/जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। जिले के भियांव व जहांगीरगंज ब्लॉक में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 57 जोड़े एक-दूजे के हो गए।
भियांव ब्लॉक के बंदीपुर स्थित जगरदेव बाबा स्थान पर समारोह का आयोजन हुआ। समाज कल्याण विभाग के पुरोहित ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 17 जोड़े वर-वधू की वैवाहिक रस्मों को पूरा कराया। इसमें रीता से विशाल, बबिता से अनिल, आंचल से प्रदीप, ज्योति से विकल्प, अर्चना से राहुल, कविता से प्रदीप, रंजना से नन्हे, बबिता से जितेंद्र, पिंका से अखिलेश, उजाला से रमेश, रीता से योगेश, गंगा से श्रीओम, नीरज से श्यामू, मीना से दीपक, मोनिका से राजन, नीतू से जय कुमार व मनीषा से पंकज की शादी हुई।
प्रशासन द्वारा वधू के खाते में 35 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर किए गए इसके अलावा 10 हजार रुपश्े के कपड़े, बिछिया, पायल, 7 जोड़ी बर्तन आदि उपहार स्वरूप दिए गए। भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रामप्रकाश यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार की यह अनूठी योजना है। इससे समाज के निर्धन तबके की कन्याओं के हाथ आसानी से पीले हो पा रहे हैं। इस मौके पर बीडीओ दिनेश प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि प्रवीण यादव, एडीओ शैलेंद्र सिंह, संजीव सिंह, रमापति उपाध्याय, रामदरस, व राकेश सिंह आदि मौजूद रहे।
जहांगीरगंज ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित समारोह में कुल 40 जोड़ों ने सात फेरे लिए। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक त्रिवेणीराम ने कहा कि योजना गरीबों के लिए वरदान है। गरीब कन्याओं के शादी को लेकर परिवारीजन परेशान रहते थे, जिसे मुख्यमंत्री ने दूर करने का काम किया है। भूमि विकास बैंक के डायरेक्टर यमुना प्रसाद चतुर्वेदी ने शासन की योजनाओं की तारीफ की। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख जहांगीरगंज धर्मराज यादव, भाजपा नेता प्रकाश चंद शुक्ल, सुमन पांडेय के अलावा बीडीओ आरके चौरसिया, एडीओ समाज कल्याण चंद्रभूषण, जेई एमआई अशोक कुमार यादव व एडीओ पंचायत रवि प्रकाश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।