अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को डीएम अविनाश सिंह ने पेट्रोल पंप स्वामित्व एवं राइस मिलर्स के साथ निवेश बढ़ाने को लेकर बैठक की। सबसे पहले डीएम ने पेट्रोल पंप संचालकों व राइसमिलरों की शिकायतों को सुना। साथ ही उनसे विभाग से जुड़े कार्यों के बारे में फीडबैक भी लिया। कहा कि उद्यमियों की शिकायतों व समस्याओं का तत्परता के साथ समाधान किया जाएगा।
डीएम ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 के अंतर्गत दाखिल किए गए निवेशकों में सूक्ष्म लघु एवं मध्यम विभाग में जीबीसी के लिए 33 निवेशकों ने 199 करोड़ के निवेश, हथकरघा एवं वस्त्र विभाग में 10 निवेशकों ने 115 करोड़, पशुपालन विभाग में एक निवेशक ने 1.3 करोड़, वन विभाग में दो निवेशकों ने 6.5 करोड़, तकनीकी शिक्षा विभाग में 19 निवेशकों ने 59.8 करोड़, चिकित्सा शिक्षा विभाग में 9 निवेशक ने 41.1 करोड़, उद्यान विभाग से छह निवेशकों ने 194.5 करोड़, चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग में दो निवेशकों ने 20 करोड़, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में दो निवेशकों ने आठ करोड़, आवास विभाग में एक निवेशक ने एक करोड़, ऊर्जा विभाग के एक निवेशक ने दो करोड़, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के एक निवेशक ने एक करोड़ निवेश का प्रस्ताव दिया है।
जनपद में कुल 548 निवेशकों द्वारा 3862.30 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव प्राप्त हुआ। इसमें कुल 87 निवेशकों द्वारा 649.2 करोड़ का प्रस्तावित निवेश करते हुए लगभग 2580 लोगों का रोजगार सृजन किया जाएगा। डीएम ने कहा कि निवेशकों से प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता पर निस्तारण हो अन्यथा विभागों पर कार्रवाई तय की जाएगी। इस मौके पर सीडीओ अनुराज जैन सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।