अंबेडकरनगर। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत स्वाइल हेल्थ एंड फर्टिलिटी कार्यक्रम के अंतर्गत इस रबी सीजन में 5,400 मृदा नमूनों का वैज्ञानिक विश्लेषण होगा। चयनित ग्राम पंचायतों के सभी राजस्व गांवों से रैंडम आधार पर मिट्टी के नमूने एकत्र किए जाएंगे।
बृहस्पतिवार से शुरू हुए इस अभियान के तहत 21, 23 और 25 नवंबर को चार विशेष अभियान चलाकर नमूने संकलित होंगे। जिन्हें 28 नवंबर तक मृदा परीक्षण प्रयोगशालाओं में उपलब्ध कराना है। मृदा परीक्षण प्रयोगशाला के अध्यक्ष विजय प्रकाश वर्मा ने बताया कि मृदा स्वास्थ्य कार्ड वैज्ञानिक खेती का अहम माध्यम है। परीक्षण से खेतों में पोषक तत्वों की वास्तविक स्थिति का पता चलता है, जिससे फसलवार उर्वरक प्रयोग की सही सलाह मिलती है। कृषि विज्ञान केंद्र पांती के फसल सुरक्षा वैज्ञानिक डॉ. शिवम कुमार ने कहा कि मृदा परीक्षण टिकाऊ व वैज्ञानिक कृषि उत्पादन की आधारशिला है। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना परीक्षण के अनुमान से रासायनिक उर्वरकों का लगातार प्रयोग मिट्टी में पोषक तत्वों का असंतुलन पैदा कर सकता है। मृदा स्वास्थ्य कार्ड से संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन संभव होगा। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के साथ गोबर की खाद, कम्पोस्ट व जैव उर्वरकों के समन्वित प्रयोग की सलाह दी। डॉ. कुमार के अनुसार, इससे उर्वरकों पर अनावश्यक खर्च घटेगा, फसल की गुणवत्ता व उत्पादकता बढ़ेगी और मिट्टी का दीर्घकालिक स्वास्थ्य सुरक्षित रहेगा।