अंबेडकरनगर। पंचायत चुनाव की तैयारी अब जोर पकड़ने लगी है। विकास खंड टांडा की तीन पूर्ववर्ती ग्राम पंचायतें कटारिया, मीरानपुर बभनपुरा और जिगना के पांच हजार से ज्यादा वोटर इस बार पंचायत चुनाव में शामिल नहीं हो सकेंगे। इन ग्राम पंचायतों को वर्ष 2023 में इल्तिफातगंज नगर पंचायत में जोड़ दिया गया था। इस बदलाव के चलते करीब 5,057 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटेंगे।
पंचायती राज विभाग की टीम ने इन ग्राम पंचायतों से मतदाता सूची में शामिल ग्रामीणों के नाम हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसमें कटारिया के 3,257, मीरानपुर बभनपुरा के 1,200 और जिगना के 600 वोटरों का नाम पंचायत क्षेत्र से हटा दिया जाएगा। ये नाम अब केवल नगर पंचायत की मतदाता सूची में गिने जाएंगे। यानी अब ये मतदाता केवल निकाय चुनावों में वोट डाल सकेंगे, पंचायत चुनाव में नहीं। पंचायत की परिसीमन प्रक्रिया में यह एक अहम बदलाव माना जा रहा है।