अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र आलापुर में छह बेरोजगार युवकों को एनटीपीसी टांडा में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम मसेना मिर्जापुर गांव के संजन कनौजिया ने बृहस्पतिवार को एसपी को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि धनुकारा गांव के रामनाथ चौहान ने एनटीपीसी टांडा में नौकरी दिलाने की बात कही थी। संजन के साथ प्रशांत विश्वकर्मा, गोल्हवा के अंकुर शुक्ल, आजमगढ़ के अतरौलिया थाना क्षेत्र के छितौनी निवासी आनंद कनौजिया, जहांगीरगंज के नरियांव निवासी सूरज गौड़ व हंसवर के कटोखर चौराहा के राहुल कनौजिया ने नौकरी के लिए रामनाथ को 50 हजार रुपये अलग-अलग माध्यम से दिए। कई बार रामनाथ ने एनटीपीसी बुलाकर आश्वासन भी दिया, लेकिन आज तक किसी की नौकरी नहीं लग पाई। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले में एसपी केशव कुमार के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है, दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।