नगर पंचायत राजेसुल्तानपुर में मुख्य मार्ग पर लगीं स्ट्रीट लाइटें।
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना के तहत दो करोड़ नौ लाख रुपये की लागत से राजेसुल्तानपुर के प्रमुख मार्गों को स्ट्रीट लाइट व तिरंगा रोशनी से जगमग किया गया है।
नगर पंचायत राजेसुल्तानपुर के मुख्य मार्गों पर करीब एक करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से 196 स्ट्रीट लाइटें लगवाई गई हैं। इसी के साथ 25 लाख 44 हजार रुपये की लागत से चार हाई मास्ट लगवाए गए हैं। इससे नगर पंचायत के गोपालबाग से लेकर राधानगर होते हुए त्रिमुहानी पुल तक व मुख्य बाजार से बांसगांव कुटिया तक, राजेसुल्तानपुर जहांगीरगंज मुख्य मार्ग से त्रिलोकपुर गांव तक कई मार्ग दूधिया रोशनी से जगमगा उठे हैं।
गोपालबाग से त्रिमुहानी पुल तक लगी स्ट्रीट लाइट के खंभों में तिरंगा लाइट लगने से सुंदरता बढ़ गई है। नगर पंचायत के त्रिलोकपुर निवासी चंद्रशेखर यादव, राधानगर के उमेश प्रजापति, बुद्धू सिंह, घुघुर पट्टी के दिनेश पांडेय व बृजेश यादव ने कहा कि नगर पंचायत के मुख्य मार्गों पर स्ट्रीट व हाईमास्ट लगने से राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिली है। नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद प्रजापति ने बताया कि आगामी दिनों में जो मार्ग बचे हैं, उनपर भी प्रकाश व्यवस्था चाक-चौबंद की जाएगी।