कार्य में लापरवाही बरतते पाए जाने पर जिला पंचायतराज अधिकारी ने पांच सफाईकर्मियों को निलंबित कर दिया। साथ ही स्पष्टीकरण भी मांगा है। गौरतलब है कि केंद्र व यूपी सरकार लंबे समय से साफ-सफाई पर विशेष जोर दे रही है। इसके लिए बाकायदा स्वच्छता अभियान भी चलाया जा रहा है। हालांकि सरकार की मंशा पर सफाईकर्मियों की लापरवाही पानी फेर रही है।
उनकी साफ सफाई सिर्फ प्रधान के घर के इर्दगिर्दं तक ही सीमित होकर रह गई है। ज्यादातर सफाईकर्मी गांवों तक पहुंचते ही नहीं है। नतीजा यह है कि ज्यादातर गांवों में साफ सफाई पूरी तरह बेपटरी होकर रह गई है।
इसे लेकर ग्रामीणों द्वारा लगातार की जा रहीं शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए बीते दिनों जिला पंचायतराज अधिकारी एम राम मिश्र ने भीटी, टांडा व बसखारी विकास खण्डों के विभिन्न गांवों का जायजा लिया, तो भीटी विकास खण्ड के ऋषि कपूर, बसखारी विकास खण्ड के मयाराम, टांडा विकास खण्ड के शिवप्रकाश, रामगोपाल व शहाबुद्दीन द्वारा कार्य में बड़े पैमाने पर लापरवाही पाई गई।
इस पर डीपीआरओ ने सभी पांच सफाईकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया । साथ ही स्पष्टीकरण मांगा। डीपीआरओ ने सभी सफाईकर्मियों को निर्देशित किया कि वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी से निभाएं। मौजूदा समय में निरीक्षण चल रहा है। यदि लापरवाही पाई गई, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।