निर्धारित रोस्टर पर अनाज का उठान व वितरण न करने पर टांडा तहसील क्षेत्र के 47 कोटेदारों की जमानत राशि जब्त कर ली गई है। यह कार्रवाई कोटेदारों की मनमनी को देखते हुए की गई है। इससे पहले भी विभाग ने कई बार कोटेदारों को नोटिस जारी कर हिदायत दी थी कि उपभोक्ताओं में राशन का वितरण समय से करें। पर ऐसा नहीं हुआ।
टांडा और बसखारी विकासखंड के 47 कोटेदारों की प्रतिभूति राशि एक हजार रुपये जब्त कर ली गई है। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि टांडा तहसील क्षेत्र के कई कोटेदार लंबे समय से वितरण में मनमानी कर रहे थे। इस कारण उन्हें पूर्व में नोटिस जारी कर हिदायत दी गई थी।
उनसे उपभोक्ताओं को समय से राशन व अन्य सामग्रियों का वितरण करने को कहा गया था। इसके बावजूद कुछ कोटेदारों में सुधार नहीं हुआ। उनके द्वारा न तो समय से उठान किया जाता है और न ही वितरण। ऐसे में टांडा के 35 और बसखारी के 12 कोटेदारों पर कार्रवाई की गई है।