अंबेडकरनगर। लॉकडाउन के बीच जिले में 23 केंद्रों के 23 बूथों पर वैक्सीनेशन अभियान चला, जिसमें 453 लोगोें को टीका लगाया गया। हालांकि कुल 2760 लोगों को टीका लगाए जाने का लक्ष्य था। लॉकडाउन के चलते शनिवार को अधिक नागरिक टीका लगवाने के लिए नहीं पहुंच सके। इस बीच सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए टीका जरूर लगवाएं।
जिले में तेजी से बढ़ते संक्रमण को देखते हुए टीकाकरण अभियान भी लगातार जारी है। शनिवार को भी टीकाकरण अभियान चला, लेकिन लॉकडाउन के चलते अधिक नागरिक संबंधित बूथों पर टीका लगवाने के लिए नहीं पहुंच सके। शनिवार को 23 केंद्रों के 23 बूथों पर 2760 नागरिकों व कर्मचारियों को टीका लगाए जाने का लक्ष्य था, लेकिन इसकी तुलना में मात्र 453 नागरिकों को ही टीका लग सका।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. हेमंत ने बताया कि बूथों पर पहुंचने वाले नागरिकों व कर्मचारियों को टीका लगवाने में किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए प्रत्येक बूथ पर पांच-पांच स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई थी। कहा कि टीकाकरण अभियान के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया गया। सोशल डिस्टेंसिंग व सैनिटाइजेशन पर विशेष जोर इस दौरान रहा।
सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना को फैलने से रोकने के लिए टीका जरूर लगवाएं। न सिर्फ खुद टीका लगवाएं, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।