जिले की तहसीलों में मंगलवार को तहसील दिवस हुआ। इसमें कुल 769 शिकायतें आईं इनमें से 45 का ही मौके पर निस्तारण हुआ। अकबरपुर में तहसील दिवस की अध्यक्षता कर रहे डीएम विवेक ने संबंधित अफसरों को निर्देश दिया कि वे पात्रों को योजनाओं का समुचित लाभ देने में कोई कसर न छोड़ें। बाद में डीएम ने अकबरपुर तहसील परिसर में पौधरोपण भी किया।
डीएम ने कहा कि तहसील दिवस में आने वाली शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करें। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कहा कि फरियादी बड़ी उम्मीदों के साथ शिकायतें लेकर आते हैं। यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि उन्हें मायूस न करें।
कहा कि पात्रों को योजनाओं का समुचित लाभ देने में लापरवाही न की जाए। यदि कहीं से किसी प्रकार की शिकायत मिलती है, तो जांच के बाद संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे योजनाओं का बढ़-चढ़कर लाभ उठाएं।
इसमें उनके समक्ष यदि कोई समस्या उत्पन्न होती है तो वे इसकी शिकायत संबंधित अफसरों से करें। इस दौरान कुल 161 फरियादियों ने शिकायतें दर्ज कराई, जिसमें से मात्र चार का ही निस्तारण हुआ। बाद में वन महोत्सव के अंतिम दिन डीएम ने तहसील परिसर में पौधरोपण किया। इस दौरान एसपी पंकज, सीडीओ डॉ. मन्नान अख्तर, सीएमओ मेजर डॉ. बीपी सिंह, डीआईओएस डॉ. आरपी वर्मा, बीएसए राजबहादुर मौर्य, एसडीएम रमापति आदि मौजूद रहे।
जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम विवेक मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में कुल 188 शिकायतें आईं। इनमें से मौके पर 16 शिकायतों का निस्तारण हुआ। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को निस्तारण के लिए सौंपा गया।
इस दौरान तहसीलदार सत्येंद्र सिंह, नायब तहसीलदार विनोद सिंह सहित सभी थानाध्यक्ष मौजूद रहे। टांडा प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम नरेंद्र की अध्यक्षता में कुल 143 शिकायतें आईं। इनमें से नौ शिकायतों का निस्तारण मौके पर हो सका। इस दौरान तहसीलदार राजेश सिंह, सीओ सत्यम आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।
आलापुर प्रतिनिधि के अनुसार तहसील परिसर में एसडीएम महेंद्र की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में कुल 159 शिकायतें आईं। इसमें से 14 शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। इस दौरान एसडीएम महेंद्र, सीओ सत्यप्रकाश शुक्ल, तहसीलदार रमेश मौर्य मौजूद रहे।
भीटी प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम एसपी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में कुल 118 शिकायतें आईं। इसमें से मात्र दो शिकायतों का ही निस्तारण हुआ। इस दौरान नायब तहसीलदार बैजनाथ मौर्या सहित सभी थानों के एसओ मौजूद रहे।