जलालपुर तहसील में पीड़ितों की शिकायत सुनते अधिकारी। संवाद
अंबेडकरनगर। पीड़ितों को एक ही छत के नीचे आने पर उन्हें न्याय मिल सके, इसके लिए तहसीलों पर संपूर्ण समाधान का आयोजन किया जाता है। पीड़ित भी इसी आशा के साथ आते हैं कि स्थानीय स्तर से लेकर जिला स्तर के अधिकारी मौजूद रहेंगे और उनकी समस्याओं को समाधान हो जाएगा। लेकिन जिम्मेदारों की उदासीनता से पीड़ितों के निराशा ही हाथ लग रही है।
शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में सभी पांच तहसीलों में 431 शिकायती पत्र आए थे, जिनमें केवल 84 का ही निस्तारण हो सका। अकबरपुर तहसील में सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने फरियादियों की शिकायत सुनी। इस दौरान उनके सामने 81 शिकायती प्रार्थनापत्र आए, जिसमें पांच का ही निस्तारण हो पाया। शेष 76 शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। आलापुर में 121 में 13, भीटी में 69 में चार, टांडा में 60 में 7 व जलालपुर में 100 में 18 का ही निस्तारण हो पाया।