भीटी। महरुआ के खड़हरा गांव में खेत में मेड़बंदी के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ उपनिरीक्षक की पत्नी को पीटने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों ने महिला को पीटने के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
गांव की शीलम यादव ने पुलिस को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि उनके पति बिंदेश्वरी प्रसाद यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में वरिष्ठ उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं और वर्तमान में बहराइच जिले के जरवल रोड थाने में कार्यरत हैं। उनके बच्चे प्रयागराज में पढ़ाई कर रहे हैं, जबकि सास-ससुर का निधन हो चुका है। ऐसे में वह गांव में अकेले रहकर खेती-बाड़ी और घर की पूरी जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
25 जून की शाम करीब पांच बजे वह गांव के पास स्थित अपने खेत में जेसीबी से मेड़बंदी का कार्य करा रही थीं। इसी दौरान गांव के ही रामू पाठक उर्फ धर्मदेव पाठक और गुड्डू पाठक उर्फ सत्यदेव पाठक वहां पहुंचे और विवाद शुरू कर दिया। आरोपियों ने पहले गाली दी और फिर थप्पड़ मारा और पिटाई कर दी, जिससे उन्हें चोटें आईं। शोर सुनकर स्थानीय लोगों ने पहुंचकर बीच-बचाव कराया। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी दौमित्र सेन रावत ने बताया कि दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।