अंबेडकरनगर। किराए के भवन में संचालित 153 स्वास्थ्य उपकेंद्रों में से 40 उपस्वास्थ्य केंद्रों को शीघ्र ही अपना भवन मिल जाएगा। इससे दो लाख की आबादी को इलाज की बेहतर सुविधाएं मुहैया हो सकेगी। इन स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों के निर्माण पर 12.25 करोड़ का खर्च आएगा।
इन स्वास्थ्य केेंद्रों में से 21 केंद्र का निर्माण कार्यदायी संस्था लैकफेड व 19 को पैक्सफेड द्वारा कराया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों ने आगामी जून माह तक इन केंद्रों का संचालन उनके खुद के निर्मित हो रहे भवन में शुरू हो जाने की उम्मीद जताई है।
ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिले में कुल 323 उप स्वास्थ्य केंद्र का संचालन किया जा रहा है। इसमें से 170 केंद्र स्वास्थ्य विभाग के अपने खुद के भवन में जबकि 153 स्वास्थ्य उपकेंद्र किराए के भवन में संचालित हो रहे हैं।
किराए के भवनों में संचालन के कारण ही यहां आने वाले मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाओं का फायदा बेहतर तरीके से नहीं मिल पाता है। मरीजों को इस परेशानी से छुटकारा दिलाने के लिए ही बीते दिनों शासन ने 40 स्वास्थ्य उपकेंद्रों के भवनों के निर्माण को मंजूरी प्रदान की थी।
इसके प्रथम चरण में 29 स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण के लिए 8.70 करोड़ रुपये की बजट राशि सीएमओ कार्यालय को उपलब्ध कराई। इन भवनों का निर्माण कार्य तेजी से पूरा हो रहा है। इसी दौरान शासन ने 11 और भवनों के निर्माण के लिए भी 3.30 करोड़ की धनराशि भी विभाग को मुहैया कराई है।
आवंटित बजट राशि से खजुरिया, रामकोला, सुल्तानपुर कबीरपुर, अछती, निकसपुर, जनेश्वरी बुजुर्ग, माझा कम्हरिया, मलपुर मजगवां, चितईपट्टी, गुवावां जमाल, खालिसपुर भटौली, करमिसिरपुर सहित कुल 40 जगहों पर स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अवर अभियंता विजयपाल सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य उप केंद्रों के प्रस्तावित भवनों का निर्माण कार्य तेजी सेे चल रहा है। जून माह तक इन केंद्रों का संचालन शुरू कराने का पूरा प्रयास होगा।