ट्रैक्टर व बाइक की टक्कर में एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से ट्रॉमा रेफर कर दिया गया। उधर, अन्य हादसों में एक मासूम समेत तीन लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार घायलों ने हेल्मेट नहीं पहना था।
थाना क्षेत्र अलीगंज अंतर्गत अलीगंज निवासी रामआसरे (62) शुक्रवार देरशाम बाइक से टांडा जा रहे थे। चौक के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर घायल गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
वहीं, इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नसरुल्लाहपुर गांव निवासी भीम प्रसाद की पांच वर्षीय पुत्री अर्तिका शुक्रवार देर शाम बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई, वह घर के सामने खेल रही थी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
उधर, अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनगांव निवासी कृष्णकुमार (52) को जीप से टक्कर लगने के बाद घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी थाना क्षेत्र अंतर्गत रगड़गंज निवासी जयराम (40) शनिवार सुबह अकबरपुर नगर के निकट बाइक की टक्कर से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।