प्रथम चरण में बसखारी, जहांगीरगंज व रामनगर विकास खण्ड में होने वाले चुनाव में शुक्रवार व शनिवार को जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कुल 371 व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए कुल 1473 नामांकन पत्र खरीदे गए।
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की गहमागहमी समय बीतने के साथ ही तेज हो गई है। जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए प्रथम चरण में बसखारी, जहांगीरगंज व रामनगर विकास खण्ड में चुनाव होने हैं। इसके लिए बीते 24 सितंबर से ही संबंधित ब्लाकों में नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई थी।
शुक्रवार को बकरीद के अवकाश के बाद भी नामांकन पत्रों की बिक्री जारी रही। पहले दिन तो कम लेकिन शुक्रवार व शनिवार को नामांकन पत्रों की खूब खरीददारी हुई। बसखारी प्रतिनिधि के अनुसार शुक्रवार को जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 40 व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 202 तथा शनिवार को जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 48 व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 269 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई।
जहांगीरगंज प्रतिनिधि के अनुसार शुक्रवार को जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 30 व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 192 तथा शनिवार को जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 65 व क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 440 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। आलापुर प्रतिनिधि के अनुसार रामनगर ब्लाक में होने वाले जिला पंचायत सदस्य पद के लिए शुक्रवार व शनिवार को मिलाकर कुल 118 व क्षेत्र पंचायत के कुल 370 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदे। नामांकन पत्रों की खरीददारी रविवार को भी जारी रहेगी।