अंबेडकरनगर। हर किसी की चाहत है कि प्रयागराज पहुंचकर वह भी इस महाकुंभ का साक्षी बने। मौनी अमावस्या पर संगम में डुबकी लगाए। इसको देखते हुए रोडवेज अंबेडकरनगर वासियों के लिए विशेष बंदोबस्त कर रहा है। श्रद्धालुओं को प्रयागराज पहुंचाने के लिए मौनी अमावस्या पर 360 बसों का संचालन किया जाएगा।
29 जनवरी को मौनी अमावस्या है। ऐसे में श्रद्धालु कई दिन पहले से वहां डेरा डाल देंगे। इसके लिए 23 जनवरी से प्रयागराज के लिए रोडवेज का संचालन शुरू हो जाएगा। मौनी अमावस्या पर स्नान करने के बाद श्रद्धालु वहां से लौैटेंगे। इसके लिए सात फरवरी तक रोडवेज बसें चलाई जाएंगी। एआरएम दिनेशचंद्र के मुताबिक श्रद्धालुओं को महाकुंभ पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। चालकों-परिचालकों की ड्यूटी लगा दी गई है। सभी से मौनी अमावस्या पर छुट्टी न लेने का भी अनुरोध किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को महाकुंभ पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न होने पाए।
बरेली रेंज से आईं 300 बसें
अंबेडकरनगर डिपो में 60 बसों का बेड़ा है। महाकुंभ को देखते हुए बरेली रेंज से डिपो को 300 बसें उपलब्ध कराई गई हैं। ऐसे में डिपो में बसों की संख्या 360 हो गई है। दरअसल, जिले के लोग बड़े पैमाने पर महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाने के लिए प्रयागराज जाते हैं। यही वजह है कि डिपो तैयारी करने में जुटा है, ताकि श्रद्धालुओं को आसानी से संगम नगरी तक पहुंचाया जा सके।