अंबेडकरनगर। शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत निजी स्कूल में दाखिले के लिए दूसरे चरण की आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बच्चों के एडमिशन के लिए 600 अभिभावकों ने ऑनलाइन आवेदन किए हैं। आवेदनों की जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद लॉटरी के जरिए स्कूलों का आवंटन किया जाएगा।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत जरूरतमंद परिवारों के बच्चों का एडमिशन सरकार की ओर से निजी स्कूलों में कराया जाता है। इसकी जिम्मेदारी बेसिक शिक्षा विभाग को दी गई है। शैक्षिक सत्र 2025-26 के तहत होने वाले प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत दो चरणों की आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। दूसरे चरण के लिए कुल 600 अभिभावकों ने निजी स्कूलों में अपने बच्चों के प्रवेश की चाह रखते हुए आरटीई के तहत आवेदन किए हैं। बीएसए स्तर से 23 जनवरी तक आवेदनों का सत्यापन व जांच के बाद लॉटरी की प्रक्रिया अपना कर बच्चों को स्कूलों का आवंटन किया जाएगा।
पहले चरण में हुए थे 557 आवेदन
पहले चरण की आवेदन प्रक्रिया के तहत कुल 557 आवेदन हुए। लॉटरी प्रक्रिया में 250 बच्चों को स्कूलों का आवंटन कर दिया गया। पहले चरण के लिए एक से 19 दिसंबर तथा दूसरे चरण के लिए एक से 19 जनवरी तक आवेदन करने की प्रक्रिया चली थी।
चार चरणों में होने हैं आवेदन
प्रवेश पाने के लिए आवेदन चार चरणों में किए जाएंगे। दो चरण के आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब एक फरवरी से तीसरे चरण के आवेदन शुरू होंगे। जबकि चौथे चरण के लिए मार्च में आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी।
आरटीई के तहत दूसरे चरण के आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। फिलहाल आवेदनों के सत्यापन व जांच का काम चल रहा है। 24 जनवरी को लॉटरी के तहत बच्चों को स्कूलों का आवंटन किया जाएगा।
-बीपी सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी