जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शनिवार को हुई तेज बारिश से लगभग साढ़े तीन सौ बीघा धान की फसल गिर गई। बारिश का दौर यदि यूं ही चला तो इससे किसानों को तगड़ी चपत लगना तय माना जा रहा है। दोपहर बाद से शुरू हुई बारिश ने लगभग पूरे जिले में जनजीवन देरशाम तक अस्त-व्यस्त किए रखा।
बारिश से जहां एक तरफ बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा, वहीं लोगों को आवागमन में खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। तेज गर्मी व उमस से जूझ रहे लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली। कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी व उमस के बीच शनिवार सुबह से ही बादल मडराने लगे थे। कुछ क्षेत्रों में सुबह हल्की बूंदाबादी भी हुई लेकिन इसके बाद मौसम साफ हो गया।
हालांकि दोपहर बाद एक बार फिर से बादल छाने लगे। इसके बाद देखते ही देखते जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश शुुरू हो गई। सैदापुर, जलालपुर, बेवाना, अरिया व कटेहरी आदि क्षेत्रों में हुई जोरदार बारिश से लगभग 350 बीघा धान की फसल गिर पड़ी। लगभग एक घंटे की मूसलधार बारिश के बीच दरअसल इन क्षेत्रों में तेज हवा चलने से फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ा।
उधर, जिले के कई अन्य क्षेत्रों में भी तेज बारिश हुई। इससे खेतों में पक कर तैयार धान की फसल को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जतायी जा रही है। बारिश हो जाने के चलते अब जो फसलें कटाई के लिए लगभग तैयार थीं, उसके लिए किसानों को इंतजार करना पड़ेगा। यदि बारिश का यह दौर और आगे बढ़ा तो किसानों को निश्चित रूप से और ज्यादा मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा।
शनिवार को हुई तेज बारिश से उन किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई पड़ रही थीं जिनकी फसल पक कर लगभग तैयार थीं। हालांकि पछेती धान की खेती करने वाले किसानों को इस बारिश से फायदा भी पहुंचा है।
उधर, दोपहर बाद से लेकर देरशाम तक लगातार बारिश होने से जिले भर में आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। शहरी क्षेत्रों में भारी जलभराव हो गया। जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार नगर के कई मोहल्लों के अलावा कई प्रमुख मार्गों के ऊपर से होकर पानी बहता रहा।
इससे लोगों को आवागमन में भी खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सैदापुर व हजपुरा बाजार में भी जलभराव से आवागमन में घंटों कठिनाई हुई। जिला मुख्यालय के अलावा कटेहरी, भीटी, अरिया व बसखारी आदि क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से लोग जूझते नजर आए। इन सब के बीच तेज गर्मी व उमस से जूझ रहे लोगों को जरूर राहत मिली।