ब्राहिमपुर स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार करते चिकित्सक ।
अंबेडकरनगर। रविवार को जिले के सभी 29 स्वास्थ्य केंद्रों पर जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य मेले में मरीजों ने पहुंच कर उपचार कराया। इलाज के लिए सुबह से ही मरीजों की स्वास्थ्य केंद्रों पर भीड़ रही। इस दौरान अधिकतर मरीज सर्दी, जुकाम व बुखार से पीड़ित रहे। मेले में 3137 मरीजों का चिकित्सकों ने उपचार किया। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर दवाओं के साथ चिकित्सकों की उपलब्धता रही। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मेले में सबसे अधिक मौसमी बीमारी से परेशान मरीज इलाज के लिए आए थे।
केस एक
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंदीपुर में चिकित्सक विनोद मरीजों को उपचार कर रहे हैं। केंद्र में पर वार्ड बॉय न होने के कारण दवाओं के वितरण को लेकर थोड़ी समस्या जरूर रही। वहीं स्वीपर के न होने से साफ-सफाई भी ठीक से नहीं हो पाई। इलाज कराने कराने आई स्थानीय निवासी सुमन ने बताया कि दो दिनों से बुखार आ रहा था। बाहर से दवा कराई, लेकिन फायदा न होने के कारण जांच कराकर दवा ली है।
केस दो
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ब्राहिमपुर कुसमा पर पर चिकित्सक राजकुमार यादव मरीजों का उपचार करते मिले। सुबह मरीजों की ज्यादा भीड़ नहीं थी। दोपहर बाद कुछ मरीज आए, जो मौसमी बीमारी से परेशान थे। इलाज कराने आए बीरेंद्र प्रताप वर्मा ने बताया कि सांस फूलने की समस्या थी। इसके साथ ही बुखार भी आ रहा था। चिकित्सक ने दवाओं को देकर जांच की है।
सभी मरीजों को दी गई दवा
सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केद्रों पर चिकित्सक तैनात थे। मरीजों को दवाओं व जांच की सुविधा दी गई। 3137 मरीजों का उपचार किया गया।
डॉ. सालिकराम पासवान, प्रभारी सीएमओ