अंबेडकरनगर। नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन के दूसरे दिन गुरुवार को तीन नगर पालिका व दो नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। अकबरपुर से नामांकन पत्र जमा करने वालों में सपा नेता दयाशंकर मद्धेशिया की पत्नी एवं पूर्व चेयरमैन ज्ञानवती भी शामिल हैं। वैसे सपा ने अकबरपुर में अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। इल्तिफातगंज नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सपा प्रत्याशी शमा परवीन ने भी अपना पर्चा भरा। सभासद पद के लिए 27 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के पहले दिन बुधवार को एक भी नामांकन दाखिल हुआ था। गुरुवार को नामांकन शुरू हुए। अकबरपुर नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए सपा नेता दयाशंकर मद्धेशिया की पत्नी एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष ज्ञानवती ने दो सेट में नामांकन पत्र जमा किया। इसी प्रकार सभासद पद के लिए दो प्रत्याशियों ने अपने परचे दाखिल किए। इसमें वार्ड नंबर तीन के लिए मयंत व वार्ड नंबर सात के लिए राजकुमार ने नामांकन किया।
टांडा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए शहनाज बानो पत्नी डॉ. अमानतुल्लाह ने तहसील पहुंचकर दो सेटों में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नगर पंचायत इल्तिफातगंज के अध्यक्ष पद के लिए सपा प्रत्याशी शमा परवीन पत्नी मोहम्मद इरफान व ऊषा देवी पत्नी महेंद्र गुप्ता ने टांडा तहसील में नामांकन दाखिल किया।
नगर पालिका परिषद के वार्ड संख्या-पांच से सुनील कुमार, वार्ड-छह से रुखसाना खातून, वार्ड-आठ से मोहम्मद अकबर, वार्ड-10 से मोहम्मद कौसर व अल्लाह बख्श, वार्ड-13 से तस्नीम व शकील, वार्ड-14 से आशुतोष, वार्ड-24 से शहनवाज व सद्दाम हुसैन ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
नगर पंचायत इल्तिफातगंज से सदस्य पद के लिए वार्ड-दो से शहाबुद्दीन, वार्ड-तीन से अशफाक अहमद, वार्ड-छह से गुलशन जहां व सरबीर बानो, वार्ड-सात से शमशाद अहमद, वार्ड-आठ से अतीकुर्रहमान, वार्ड-नौ से एहतरामुद्दीन, बदरुद्दीन व कलीम अख्तर, वार्ड-10 से मोहम्मद सादिक, वार्ड-11 से नजरुन्निशा ने नामांकन पत्र दाखिल किया। उधर नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा से सभासद के लिए वार्ड-चार से सुनील कुमार, वार्ड-10 से शरफुद्दीन, मुख्तार व रंगीलाल ने टांडा तहसील में अपने परचे दाखिल किए।