ग्रामीण क्षेत्रों के 17 चौराहे व सार्वजनिक स्थल शीघ्र ही दूधिया रोशनी से जगमग होंगे। सांसद निधि से जिले के 17 विभिन्न स्थानों पर 20 लाख छह हजार रुपये की कुल लागत से सोलर स्ट्रीट लाइटें लगवाई जाएंगी। इसके लिए कार्यदायी संस्था यूपी नेडा को कुल धनराशि का 75 प्रतिशत उपलब्ध करा दिया गया है। संस्था ने कार्य भी शुुरू करा दिया है।
मार्ग प्रकाश व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए सांसद हरिओम पांडेय ने गंभीरता दिखाते हुए सांसद निधि से जिले के 17 स्थानों पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाए जाने की घोषणा गत दिवस की थी। साथ ही इसका प्रस्ताव भी डोडा में भेज दिया गया था। विभाग द्वारा प्रस्ताव के आधार पर 20 लाख छह हजार रुपये की राशि की मंजूरी भी बीते दिनों मिल गई।
परियोजना निदेशक प्रदीप पांडेय ने बताया कि प्रत्येक चौराहे पर एक लाख 18 हजार रुपये की लागत से सोलर स्ट्रीट लाइट लगने में किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए कार्यदायी संस्था यूपी नेडा को न सिर्फ चयनित किया गया बल्कि प्रथम किस्त के रूप में कुल धनराशि 20 लाख छह हजार रुपये का 75 प्रतिशत उपलब्ध भी करा दिया गया है। बताया कि कुछ स्थानों पर कार्यदायी संस्था ने कार्य भी प्रारंभ कर दिया है।
इन स्थानों पर लगेंगी सोलर स्ट्रीट लाइटें
अंबेडकरनगर। विभाग के अनुसार भीटी विकास खंड अंतर्गत समंथा चौराहा, सेनपुर चौराहा, मिझौड़ा चौराहा, चनहां चौराहा, केवारी रनीवा बाजार, कटेहरी विकास खंड के रामपुर गिरंट, महरुआ चौराहा, कटेहरी बाजार में सोलर लाइटें लगेंगी। अकबरपुर विकास खंड में पहितीपुर चौराहा, सिकंदरपुर बाजार, बरियावन बाजार, कुर्कीबाजार, बेवाना बाजार, टांडा विकास खंड के केदारनगर बाजार के दोनों चौराह पर सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। जलालपुर विकास खंड के नेवादा के दोनों चौराहे, सुरहुरपुर चौराहा, धमरुआ स्टेट के सामने सोलर लाइटें लगवाई जाएंगी।