जलालपुर (अंबेडकरनगर)। जैतपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ नारायणपुर स्थित आशा देवी किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप पर सेल्समैन की पिटाई करने व रुपयों से भरा बैग छीन लेने का मामला सामने आया है। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में उपद्रवियों की हरकत कैद हो गई है। पेट्रोल पंप संचालक ने जैतपुर थाने में तहरीर देकर छह आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज करने की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पेट्रोल पंप मालिक के मुताबिक बैग में करीब 30 हजार रुपये थे।
जैतपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ नारायणपुर में आशा देवी किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप संचालित है। बताया जाता है कि सोमवार को दोपहर तीन बाइकों से आधा दर्जन लोग पेट्रोल डलवाने पहुंचे। पेट्रोल डलवाने के दौरान युवकों का सेल्समैन से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने सेल्समैन की पिटाई कर दी। इसके बाद उसके हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी तत्काल जैतपुर पुलिस को दी गई। बाद में जैतपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। बाद में पंप संचालक संतोष कुमार ने मामले की तहरीर थाने में दी। पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है। पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पेट्रोल पंप संचालक के मुताबिक बैग में करीब 30 हजार रुपये थे। एसओ जेपी सिंह ने बताया कि मामले में छानबीन की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। उधर, अंबेडकरनगर पेट्रोलियम एसोसिएशन के सचिव अरुण कुमार सिंह ने घटना को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। प्रशासन से इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।