अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में शनिवार को पहुंचे 15 से अधिक मरीजों का इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों ने इलाज किया। साथ ही जिला अस्पताल परिसर स्थित मातृ शिशु विंग में तैयार किए गए 12 बेड के एक आइसोलेशन वार्ड में 30 से अधिक नागरिकों की जांच की गई। जांच के बाद सभी को घर भेज दिया गया।
लॉकडाउन के बीच जिला अस्पताल में मरीजों के आने की संख्या अब कम होने लगी है। शनिवार को 15 मरीज इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। इनमें ज्यादातर सामान्य बीमारी से ग्रस्त थे। इमरजेंसी में तैनात डॉ. आरके सिंह व डॉ. योगेश ने आने वाले सभी मरीजों का समुचित इलाज किया। दवा काउंटर बंद होने के चलते मरीजों को बाहर से ही दवा लेने को मजबूर होना पड़ा। उधर दूसरे प्रांतों से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आने वाले नागरिकों की जांच जिला अस्पताल परिसर में स्थित मातृ शिशु विंग में बनाए गए 12 बेड के आइसोलेशन वार्ड में जांच भी की जा रही है।
शनिवार को ऐसे 30 से अधिक नागरिक जिला अस्पताल स्थित संबंध वार्ड में जांच के लिए पहुंचे। डॉ. आशुतोष व डॉ. मनोज शुक्ला ने ऐसे नागरिकों की गहनता से जांच की। सभी का तापमान नापा गया। इसके बाद सभी को वापस घर भेज दिया गया। डॉ. आशुतोष ने बताया कि दूसरे प्रांतों से आने वाले नागरिकों की जांच की जा रही है। उन्होंने ऐसे नागरिकों से आह्वान किया वे दूसरे प्रांत से आने के बाद पहले खुद की जांच जरूर करा लें।