आग लगने की विभिन्न घटनाओं में 24 घंटे के भीतर करीब छह लाख की फसल जलकर राख हो गई। ज्यादातर हादसे विद्युत शॉर्टसर्किट के चलते हुए। मुख्य रूप से गेहूं की फसल ही आग की चपेट में आयी। इससे करीब 30 बीघा फसल प्रभावित हुई है।
किसानों ने प्रशासन से आग लगने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए अविलंब जर्जर विद्युत तारों की मरम्मत सुनिश्चित कराने की मांग की है। किसानों का मानना है कि पावर कार्पोरेशन की लापरवाही के कारण ही इस तरह के हादसे हो रहे हैं। बिजली के जर्जर तारों के चलते जिले में आग से हादसों का दौर नहीं थम पा रहा है।
इसका सबसे ज्यादा दुष्परिणाम किसानों को भुगतना पड़ रहा है। पिछले 24 घंटे के दौरान भी विद्युत शॉर्टसर्किट के चलते हुए तमाम हादसों में किसानों को लाखों की चपत लगी। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के इल्तिफातगंज क्षेत्र में बुधवार रात गेहूं के खेत में विद्युत शॉर्टसर्किट से आग लग गई।
इससे रामधन की तीन बीघा, किशोर की ढाई बीघा तथा महेंद्र की दो बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। आग लगते ही ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। बड़ी तादाद में किसानों के जुटने से इसमें सफलता भी मिल गई। हालांकि तब भी कई किसान प्रभावित हो गए।
आग से तीन किसानों को लगभग डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं अकबरपुर थाना क्षेत्र के मरैला के निकट गुरुवार सुबह विद्युत शॉर्टसर्किट से खेतों में आग लग गई। इससे ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी का माहौल दिखा। दर्जनों ग्रामीण बाल्टी व अन्य सामग्री लेकर बचाव में जुट गए।
यहां दमकल दस्ते के पहुंचने से पहले ही ग्रामीण आग पर काबू पा चुके थे। इसमें सुरेश की दो बीघा, फिरतू की ढाई बीघा, शंकर की एक बीघा तथा शिवपूजन की तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। यहां लगभग पौने दो लाख रुपये का नुकसान किसानों को हुआ।
उधर, टांडा के मांझा क्षेत्र में अज्ञात कारणों से लगी आग ने करीब आठ किसानों की करीब 12 बीघा गेहूं की फसल जलाकर नष्ट कर दी। इनमें पुदई, रामबहोर, मानिकचंद्र, जगलाल व जवाहिर आदि किसान शामिल हैं। आग की इस घटना से किसानों को लगभग ढाई लाख का नुकसान पहुंचा है।
जलालपुर तहसील के सम्मनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ेपुर में रामकिशोर उपाध्याय के पुआल में बुधवार रात आग लगने से लगभग 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। भीटी थाना क्षेत्र के रिउना में बुधवार शाम लगी आग से एक किसान को करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।