अंबेडकरनगर के जैतपुर में गुरुवार को लगी आग के बाद जुटे लोग।
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र जैतपुर के सेहरी गांव में गुरुवार को दिन में लगी आग से एक ग्रामीण के घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया। एक नई बाइक व साइकिल समेत लगभग तीन लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।
कोटेदार को निर्देशित किया गया कि पीड़ित परिवार को अनाज उपलब्ध कराया जाए। इससे पहले दमकल दस्ते ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गुरुवार दोपहर करीब सेहरी निवासी संतराम के घर उस समय चीख-पुकार मच गई, जब अज्ञात कारणों से उसके खपरैलनुमा घर से लपटें निकलने लगीं।
परिवारीजनों की गुहार पर आसपास के ग्रामीण एकत्र हुए और आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन तब तक आग पूरे घर को चपेट में ले चुकी थी। खपरैलनुमा घर के ज्यादातर हिस्सों में थोड़ी ही देर में आग फैल गई। आग की विभीषिका को देख फायरब्रिगेड को भी सूचित किया गया।
तेज लपटों के बीच परिवार की महिलाओं व बच्चों में चीखपुकार मची रही। लपटों के चलते परिवारीजनों को सामान निकालने तक का मौका नहीं मिल पाया। बाद में पहुंचे दमकल दस्ते ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया।
हालांकि तब तक एक नई बाइक व एक साइकिल समेत कई गहने, अनाज व तमाम घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुके थे। पीड़ित संतराम के अनुसार घर में रखी 20 हजार रुपये की नगदी भी जलकर राख हो गई। जानकारी मिलने पर एसओ जैतपुर संदीप सिंह भी दल-बल के साथ पहुंचे।
नायब तहसीलदार विनोद कुमार सिंह ने भी राजस्व टीम के साथ घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने गांव के कोटेदार को बुलाकर निर्देशित किया कि परिवार को अविलंब अनाज की सहायता उपलब्ध कराई जाए।
नायब तहसीलदार ने परिवारीजनों को भरोसा दिलाया कि राजस्व टीम से नुकसान की रिपोर्ट ली जा रही है। इसके बाद नियमानुसार आवश्यक मदद की जाएगी।