जिले में आग का कहर रविवार को भी जारी रहा। अलग-अलग घटनाओं में 30 बीघा से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख हो गई जिससे 17 किसानों को लगभग छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जलालपुर के गुवापाकर गांव में एक छप्पर में लगी आग से दो मवेशी झुलस गए तथा घरेलू सामान भी जल गए।
भीटी थाना क्षेत्र में भी एक छप्पर आग के हवाले होने से घर के सामान को नुकसान हुआ। इन दोनों घटनाओं में लगभग डेढ़ लाख की संपत्ति स्वाहा हुई है। ज्यादातर घटनाएं विद्युत शार्टसर्किट से हुईं।
जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार तहसील क्षेत्र के महमूदपुर गांव में पूर्वाह्न करीब गांव के रामराज के गेहूं के खेत में विद्युत शार्टसर्किट से आग लग गई। खेत से तेज लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। चीख-पुकार के बीच ग्रामीणों की संख्या काफी बढ़ गई। हालांकि आग के कहर के आगे उनकी मेहनत सार्थक नहीं हो रही थी।
इस पर ग्रामीणों ने घटना की सूचना जलालपुर दमकल दस्ते को दी। सूचना पर पहुंचे फायरकर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग नियंत्रित किया। हालांकि तब तक आग की विभीषिका बगल स्थित दीनदयाल के खेत में खड़ी गेहूं की फसल को भी अपने आगोश में ले चुकी थी।
इससे दोनों परिवारों को करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने की दूसरी घटना क्षेत्र के गुवापाकर गांव में घटी। यहां अज्ञात कारणों से गांव निवासी शंकर के छप्पर में आग लग गई। सूचना पर पहुंचे फायरकर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग नियंत्रित किया।
हालांकि तब तक लपटों ने शंकर की पशुशाला को भी अपनी चपेट में ले लिया। इससे उसके दो मवेशी भी बुरी तरह झुलस गए। पीड़ित को इस घटना से एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
हंसवर प्रतिनिधि के अनुसार हंसवर थाना क्षेत्र के बैरमपुर गांव में आग लगने से राजेश नायक की दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इससे उसे करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। फरीदपुर सैफन गांव में रामनिवास की लगभग डेढ़ बीघा गेहूं की फसल आग से जलकर राख हो गई।
रामनिवास को लगभग 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। दोनों घटनाओं में विद्युत शार्टसर्किट को ही मुख्य कारण माना जा रहा है। गनेशपुर गांव में आग लगने से रामबूझ का छप्पर जल गया। इससे उसे लगभग 10 हजार का नुकसान पहुंचा है।
जहांगीरगंज प्रतिनिधि के अनुसार आलापुर तहसील क्षेत्र के बहिगवां जोगीपुर गांव में खेत में काटकर रखा लगभग 40 बोझ गेहूं विद्युत शार्टसर्किट से जलकर राख हो गया। आग के चलते खेत के बगल स्थित कई पेड़-पौधे भी जलकर नष्ट हो गए। इससे लगभग 30 हजार रुपये का कुल नुकसान हुआ है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य बलिराम एवं ब्लॉक प्रमुख संगीता देवी ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को अहेतुक सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया। हजपुरा प्रतिनिधि के अनुसार सम्मनपुर थाना क्षेत्र के हासिमपुर बरसावां में पीर मोहम्मद के खेत में विद्युत शार्टसर्किट से आग लगने से लगभग दो बिस्वा फसल जलकर खाक हो गई।
इससे पीड़ित को करीब दो हजार रुपये का नुकसान पहुंचा है। केदारनगर प्रतिनिधि के अनुसार इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के बरवां में लगी आग से दो किसानों की लगभग 10 बिस्वा फसल जलकर नष्ट हो गई। इससे पीड़ितों को करीब 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
टांडा तहसील के मांझा क्षेत्र में लगी आग ने राममिलन, दयाशंकर व हरिहर की तीन-तीन बीघा फसल जलकर राख हो गई। इससे करीब पौने दो लाख रुपये का नुकसान किसानों को हुआ है। टांडा प्रतिनिधि के अनुसार बसखारी कोल्ड स्टोरेज के निकट तथा वीरनपुर में लगी आग से लगभग 10 बीघा फसल जलकर नष्ट हुई है।
इससे शंकर, मनीराम समेत पांच अन्य किसान प्रभावित हुए हैं। इससे किसानों को करीब दो लाख का नुकसान हुआ है। जलालपुर के मालीपुर में लगी आग ने कन्हैया व वीपत की डेढ़-डेढ़ बीघा गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचाया।
यह घटना भी विद्युतशार्ट सर्किट से हुई। इसमें दोनों किसानों को लगभग 60 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। भीटी प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के पमौली निवासी देवेंद्र पांडेय के घर रविवार सुबह खाना बनाते समय चूल्हे की चिनगारी से आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक लगभग 50 हजार रुपये का अनाज व अन्य सामान जलकर राख हो चुका था।