अंबेडकरनगर। आर्थिक रूप से कमजोर एवं बेघर दिव्यांगजनों को जल्द पक्की छत मिलेगी। दिव्यांगों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा। इसके लिए 282 दिव्यांगों को सीएम आवास योजना के लिए चयनित करने का लक्ष्य मिला है। सभी खंड विकास अधिकारियों को ग्राम पंचायतवार पात्र दिव्यांगजनों को चिह्नित कर सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तरीय समिति पात्रों का सत्यापन कर योजना का लाभ मुहैया कराएगी।
जिले में प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना एवं जीरो पॉवर्टी अभियान के तहत चिह्नित गरीबों के साथ-साथ दिव्यांगजनों को भी आवास मुहैया कराए जाने का प्रयास किया जा रहा है। इस वित्तीय वर्ष में 282 दिव्यांगों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिए जाने के लिए ग्राम पंचायतवार सचिव व प्रधान के माध्यम से पात्रों का चयन कर नाम सूची में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। पीडी डीआरडीए अनिल कुमार सिंह ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जल्द दिव्यांगों को चिह्नित कर सूची मुख्यालय को भेजी जाए। सूची उपलब्ध होने के बाद त्रिस्तरीय समिति पात्रों का सत्यापन करेगी, जिसमें संबंधित खंड विकास अधिकारी के अलावा तहसील व जिला स्तरीय अधिकारी शामिल होंगे। त्रिस्तरीय समिति की आख्या आने के बाद पात्रों के स्वीकृति की कार्रवाई शुरू होगी। इसके बाद लाभार्थियों के खाते में सीएम आवास योजना की धनराशि भेजी जाएगी।
सभी खंड विकास अधिकारियों को पत्र लिखकर दिव्यांगजनों की सूची मांगी गई है, ताकि पात्रों को योजना का लाभ समय से दिया जा सके। - अनिल कुमार सिंह, परियोजना निदेशक