अंबेडकरनगर। थाना क्षेत्र अहिरौली में किसान से ट्रैक्टर-ट्रॉली लूट के मामले में पुलिस की अलग-अलग टीमें अंबेडकरनगर के साथ अयोध्या जिले की सीमा में छानबीन कर रही हैं। अब तक सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा चुके हैं, जिसमें लुटेरों की लोकेशन अयोध्या में मिलने की बात सामने आ रही है। इसे देखते ही पुलिस ने अयोध्या के सीमावर्ती इलाकों में डेरा डाल दिया है। वहीं कई संदिग्ध भी पुलिस के रडार पर हैं। अधिकारी जल्द खुलासे का दावा जरूर कर रहे हैं, लेकिन अब तक लुटेरे पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।महरुआ थाना क्षेत्र के धानेतारा गांव निवासी किसान विजय वर्मा को चीनी मिल से गन्ना बेचकर लौटते समय अहिरौली थाना क्षेत्र में अकबरपुर-मिझौड़ा मार्ग पर दो बाइकों पर आए चार बदमाशों ने बंधक बना लिया था। लुटेरे किसान को जंगल में छोड़कर उनका मोबाइल व ट्रैक्टर-ट्रॉली लूटकर भाग निकले थे। एसपी केशव कुमार ने एएसपी पश्चिमी विशाल पांडेय के नेतृत्व में पांच टीमों को खुलासे में लगाया है। पुलिस टीम किसान से पूछताछ के आधार पर छानबीन में जुटी है। पिछले 24 घंटे के दौरान टीम ने घटनास्थल से जाने वाले हर संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
सूत्रों के मुताबिक मया, गोसाईगंज होते हुए अयोध्या के बिल्हौर घाट तक लुटेरों की लोकेशन मिली है। यहां एक बीयर शॉप पर बदमाश व ट्रैक्टर-ट्रॉली की फुटेज कैद हुई, लेकिन इसके बाद कोई लोकेशन नहीं मिली है। पुलिस की टीमें आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही हैं। वहीं, सर्विलांस टीम भी इलेक्ट्रॉनिक इंटेलीजेंस के माध्यम से छानबीन में जुटी हुई है। कई संदिग्धों से पूछताछ की गई व कई को रडार पर लिया गया है। एएसपी विशाल पांडेय ने बताया कि टीमें छानबीन कर रही हैं। जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।